विजय देवरकोंडा और अनन्या पांडे की 'लाइगर' इस दिन सिनेमाघरों में होगी रिलीज

साउथ के सुपरस्टार विजय देवरकोंडा और अभिनेत्री अनन्या पांडे की फिल्म 'लाइगर' का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है। फिल्म से जुड़ीं कई जानकारियां सामने आ चुकी हैं और अब 'लाइगर' की रिलीज डेट भी जारी हो गई है। करण जौहर इस फिल्म के निर्माता हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर रिलीज की जानकारी दी है, जिसके बाद फिल्म की राह देख रहे दर्शकों की खुशी का ठिकाना नहीं है। आइए जानते हैं पैन इंडिया फिल्म 'लाइगर' पर्दे पर कब आएगी।
करण जौहर ने ट्विटर पर एक पोस्टर शेयर किया और साथ ही यह भी बताया कि फिल्म की खास झलक कब दिखाई जाएगी। करण का पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उन्होंने पोस्टर के साथ लिखा, 'एक्शन, रोमांच और पागलपन। यह एकदम धमाल होने वाला है। 'लाइगर' दुनियाभर के सिनेमाघरों में अगले साल 25 अगस्त को रिलीज हो रही है। 31 दिसंबर को फिल्म की पहली झलक सामने आएगी। अपना नया साल इसी धमाके के साथ शुरू करें।'
THE ACTION, THE THRILL THE MADNESS - it’s going to be a total knockout! #Liger arrives in theatres worldwide on 25th August, 2022. #LigerOnAug25th2022
— Karan Johar (@karanjohar) December 16, 2021
Catch the first glimpse on 31st Dec and start your new year with a BANG!💥 pic.twitter.com/dj1TBgVbUW
पहले यह फिल्म इसी साल 9 सितंबर को रिलीज होने वाली थी। करण जौहर और विजय देवरकोंडा ने सोशल मीडिया पर फिल्म का एक पोस्टर साझा कर यह जानकारी दी थी। हालांकि, बाद में इसकी रिलीज को अगले साल तक के लिए टाल दिया गया।
'लाइगर' का निर्देशन पुरी जगन्नाथ ने किया है। इस फिल्म से विजय देवरकोंडा बॉलीवुड में कदम रख रहे हैं। इसमें वह मार्शल आर्टिस्ट के किरदार में नजर आएंगे। फिल्म में उनकी जोड़ी अनन्या पांडे के साथ बनी है। दोनों की यह पहली पैन इंडिया फिल्म है। फिल्म में रोनित रॉय, राम्या कृष्णन, मकरंद देश पांडे और अली बाशा भी नजर आएंगे। धर्मा प्रोडक्शन के बैनर तले बनी 'लाइगर' हिंदी, तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषा में रिलीज होने वाली है।
'लाइगर' में विजय और अनन्या के साथ बॉक्सिंग चैंपियन माइक टायसन भी नजर आने वाले हैं। हाल ही में टीम ने उनके साथ लास वेगस में शूटिंग पूरी की है। माइक पहली बार किसी बॉलीवुड फिल्म में नजर आने वाले हैं। उनके फिल्म से जुड़ने की घोषणा से फैंस काफी उत्साहित हो गए थे। फिल्म में विजय और माइक रिंग में दो-दो हाथ करते दिखेंगे। माइक 'हैंगओवर' और 'Ip मैन 3' जैसी हॉलीवुड फिल्मों में नजर आ चुके हैं।
जहां विजय देवरकोंडा की दूसरी नई फिल्म का ऐलान अभी नहीं हुआ है, वहीं अनन्या जल्द ही निर्देशक शकुन बत्रा की अगली फिल्म में दिखाई देंगी। इसमें दीपिका पादुकोण और सिद्धांत चतुर्वेदी भी अहम भूमिका में हैं। फरहान अख्तर की फिल्म 'खो गए हम कहां' भी उनके खाते से जुड़ी है। इसमें उनके साथ आदर्श गौरव और सिद्धांत चतुर्वेदी भी काम कर रहे हैं। इस फिल्म की कहानी जोया अख्तर, अर्जुन वरैन सिंह और रीमा कागती ने लिखी है।