'AK 62' शुरू करने से पहले शादी कर लेंगे विग्नेश शिवन और नयनतारा

दक्षिण भारतीय सिनेमा की मशहूर अदाकारा नयनतारा की प्रेम कहानी हमेशा सुर्खियां बटोरती रहती हैं। वह लंबे समय से फिल्ममेकर विग्नेश शिवन को डेट कर रही हैं। दोनों की जोड़ी को फैंस भी पसंद करते हैं। अब सुनने में आ रहा है कि ये दोनों अपनी फिल्म 'AK 62' शुरू करने से पहले शादी के पवित्र रिश्ते में बंध जाएंगे। इस फिल्म का निर्देशन विग्नेश कर रहे हैं, जबकि इसमें अभिनेता अजीत कुमार और नयनतारा मुख्य भूमिकाओं में हैं।
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट की मानें तो 'AK 62' शुरू करने से पहले विग्नेश और नयनतारा शादी रचा लेंगे। इस फिल्म की शूटिंग इस साल के अंत में शुरू होगी। इसके बाद विग्नेश-नयनतारा दोनों इस प्रोजेक्ट में व्यस्त हो जाएंगे। इसलिए चर्चाओं का बाजार गर्म है कि विग्नेश ने फिल्म शुरू करने से पहले नयनतारा के साथ शादी के बंधन में बंधने की योजना बनाई है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।
खबरों की मानें तो विग्नेश-नयनतारा इस साल जून में शादी कर लेंगे। उनके विवाह का कार्यक्रम भव्य होगा या इसे सादगीपूर्वक मनाया जाएगा; इसको लेकर कुछ भी नहीं बताया गया है। इस कपल को कई मौकों पर एक-दूसरे के साथ समय बिताते हुए देखा जाता है। 'AK 62' की बात करें तो यह फिल्म अगले साल रिलीज हो सकती है। नयनतारा की लाइका प्रोडक्शंस फिल्म का निर्माण कर रही है।
नयनतारा और विग्नेश पिछले 6 सालों से रिलेशनशिप में हैं। दोनों ने पिछले साल ही सगाई की है। कहा जाता है कि नयनतारा और विग्नेश की पहली मुलाकात उनकी हिट फिल्म 'नानुम राउडी धन' के सेट पर हुई थी। फिल्म के इसी सेट पर दोनों के बीच प्यार पनपा था। सोशल मीडिया पर दोनों खुलेआम अपने प्यार का इजहार करते दिखे हैं। अगर सबकुछ ठीक रहा, तो दोनों के प्यार को जल्द मंजिल मिल जाएगी।
विग्नेश के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनकी अगली फिल्म 'Kaathuvaakula Rendu Kadhal' 28 अप्रैल को रिलीज होगी। इस फिल्म में विजय सेतुपति, नयनतारा और सामंथा रुथ प्रभु मुख्य भूमिकाओं में हैं। नयनतारा साउथ निर्देशक एटली की अगली फिल्म में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगी। इसे पैन इंडिया लेवल पर बनाया जाएगा। ऐसी चर्चा है कि इस फिल्म में वह शाहरुख खान के अपोजिट दिखेंगी। वह चिरंजीवी अभिनीत फिल्म 'गॉडफादर' में भी नजर आएंगी।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, विग्नेश से पहले नयनतारा निर्देशक प्रभु देवा के प्यार में पागल थीं। शादीशुदा और तीन बच्चों के पिता होने के बावजूद प्रभुदेवा को नयनतारा के साथ इश्क हो गया। इनके अफेयर की खबरें खूब सुर्खियां बनी थीं।