
विद्या बालन की 'जलसा' का ट्रेलर रिलीज, पत्रकार की भूमिका में दिखीं अभिनेत्री
क्या है खबर?
काफी समय से विद्या बालन और शेफाली शाह फिल्म 'जलसा' को लेकर लाइम लाइट में हैं। इस फिल्म से दर्शकों को काफी उम्मीदें भी हैं।
फिल्म 18 मार्च को OTT प्लेटफॉर्म अमेजन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। हाल में इस फिल्म का एक पोस्टर रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों की अच्छी प्रतिक्रिया मिली थी।
अब मेकर्स ने फिल्म का धमाकेदार ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इसमें विद्या और शेफाली दोनों ने शानदार अभिनय किया है।
इंस्टाग्राम पोस्ट
विद्या ने इंस्टाग्राम पर शेयर किया ट्रेलर
विद्या ने इंस्टाग्राम पर फिल्म का ट्रेलर शेयर किया है।
उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'सत्य काल्पनिक कथा से अलग होता है। 'जलसा' 18 मार्च को अमेजन प्राइम वीडियो पर आ रही है। इसका ट्रेलर जारी हो गया है।'
ट्रेलर को सोशल मीडिया पर अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। एक यूजर ने लिखा, 'फिल्म को देखने का और इंतजार नहीं कर सकता।' एक अन्य यूजर ने कमेंट किया, 'कहानी के लिए फिल्म देखने जा रहा हूं।'
ट्रेलर
जानिए कैसा है फिल्म का ट्रेलर
ट्रेलर में विद्या एक हाइप्रोफाइल केस की परतों को उधेड़ते हुए नजर आई हैं। इसमें विद्या एक पत्रकार की भूमिकाओं में हैं।
वह एक 18 साल की लड़की की केस को सुलझाती हुई दिखी हैं, जो एक सड़क दुर्घटना का शिकार हो जाती है। इस केस के सिलसिले में उन्हें सिस्टम से सवाल-जवाब करते हुए देखा गया है।
पूरी फिल्म की कहानी इसी केस के इर्दगिर्द घूमती हुई दिख रही है।
भूमिका
एक परेशान मां की भूमिका में दिखीं शेफाली
ट्रेलर को इस तरह से काटा गया है कि इसने कई सवालों और सस्पेंस को जन्म दिया है। पूरी फिल्म देखने के बाद ही आप इस गुत्थी को सुलझा पाएंगे।
इसमें शेफाली का रोल भी काफी दमदार है। शेफाली को एक परेशान मां की भूमिका में दिखाया गया है, जिनकी बेटी की दुर्घटना में मौत हो जाती है। ऐसे कठिन समय में शेफाली को विद्या का साथ मिलता है।
शेफाली अपनी मृत बेटी के लिए न्याय चाहती हैं।
जानकारी
न्यूजबाइट्स प्लस (रिव्यू)
फिल्म में विद्या एक लोकप्रिय पत्रकार माया की भूमिका निभा रही हैं, जबकि शेफाली उनकी कुक रुक्साना का किरदार निभाएंगी। जहां विद्या का अभिनय अव्वल दर्जे का है, वहीं शेफाली ने फिल्म में जान डाल दी है। दोनों की जुगलबंदी देखने लायक होगी।
कलाकार
'जलसा' में नजर आएंगे ये कलाकार
विद्या और शेफाली इस फिल्म में पहली बार साथ नजर आएंगे। उनके अलावा 'जलसा' में रोहिणी हट्टंगडी, इकबाल खान, विधात्री बंदी, गुरपाल सिंह और सूर्य कसीभाटिया के साथ मानव कौल भी नजर आएंगे।
विक्रम मल्होत्रा, भूषण कुमार के साथ मिलकर यह फिल्म बना रहे हैं। प्रज्वल चंद्रशेखर और सुरेश त्रिवेणी ने फिल्म की कहानी लिखी है।
सुरेश ने इसका निर्देशन भी किया है। अब्बास-हुसैन दलाल ने फिल्म के लिए डायलॉग लिखे हैं।