'मैं वापस आऊंगा' वाली जोड़ी वापस लाएंगे इम्तियाज अली, नई फिल्म में आएंगे नजर
क्या है खबर?
निर्देशक इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' भले कमाई के मामले में पिछड़ गई, लेकिन लोगों का दिल जीतने में इसने कोई कसर नहीं छोड़ी। जून, 2026 में आई इस फिल्म में दिलजीत दोसांझ, वेदांग रैना, शरवरी और नसीरुद्दीन शाह जैसे कलाकार शामिल हैं। ताजा जानकारी है कि निर्देशक एक और रोमांटिक फिल्म बनाने वाले हैं, जिसमें वेदांग और शरवरी की जोड़ी दोबारा से ऑन-स्क्रीन अपना जादू चलाएगी। दोनों को 'मैं वापस आऊंगा' में खूब पसंद किया गया था।
शूटिंग
आखिरी प्री-प्रोडक्शन चरण में है फिल्म
पिंकविला की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वेदांग और शरवरी को निर्माता इम्तियाज की अगली रोमांटिक ड्रामा फिल्म में एक साथ देखा जाएगा।
'मैं वापस आऊंगा' की सफलता के बाद, यह खबर उन फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है, जिन्होंने फिल्म की कहानी और दोनों की ऑन-स्क्रीन जाेड़ी को खूब सराहा था।
बताया जा रहा है कि ये अनटाइल्ड फिल्म अपने आखिरी प्री-प्रोडक्शन चरण में है। निर्माता इसी साल नवंबर से शूटिंग शुरू करने की तैयारी में हैं।
परियोजना
प्यार के विषय पर आधारित होगी फिल्म
सूत्र ने कहा, "इम्तियाज ने लंबी लेखन प्रक्रिया के बाद पटकथा को अंतिम रूप दे दिया है, कलाकारों का चयन भी हो चुका है। टीम शूटिंग की तैयारी में जुटी है। प्री-प्रोडक्शन का काम योजना के अनुसार चल रहा है। शरवरी और वेदांग फिल्म की दुनिया में पूरी तरह फिट बैठते हैं और फिल्म निर्माता इस जोड़ी को लेकर आश्वस्त हैं।"
उन्होंने बताया कि कहानी के विवरण गुप्त रखे गए हैं, लेकिन ये प्रेम के विषय पर आधारित फिल्म होगी।