'है जवानी तो इश्क होना है' रिलीज से पहले कानूनी पचड़े में फंसी, वाशु भगनानी और टिप्स में ठनी
डेविड धवन के निर्देशन में बनी फिल्म 'है जवानी तो इश्क होना है' 5 जून को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में वरुण धवन, पूजा हेगड़े और मृणाल ठाकुर मुख्य भूमिकाओं में हैं। लंबे समय से चर्चा थी कि यह फिल्म 1999 में आई सुपरहिट फिल्म 'बीवी नंबर 1' का रीमेक है। हालांकि, टिप्स एंटरटेनमेंट ने इन सभी अफवाहों को खारिज करते हुए साफ कर दिया है कि ये कोई रीमेक नहीं, बल्कि एक बिल्कुल नई कहानी और पटकथा (स्क्रिप्ट) पर बनी नई फिल्म है।
'चुन्नरी चुन्नरी' रीमिक्स पर विवाद
टिप्स एंटरटेनमेंट अपनी फिल्म को 'मस्ती भरा पारिवारिक अनुभव' बताकर प्रचार कर रहा है, लेकिन 'चुन्नरी चुन्नरी' गाने के रीमिक्स ने विवाद खड़ा कर दिया है। पूजा एंटरटेनमेंट ने टिप्स पर आरोप लगाया है कि उन्होंने यह गाना बिना किसी सही लाइसेंस के इस्तेमाल किया है। पूजा एंटरटेनमेंट के वशु भगनानी ने कहा कि डेविड धवन के साथ उनके पुराने सहयोग को देखते हुए उन्हें काफी दुख हुआ है और वो खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं, वहीं टिप्स एंटरटेनमेंट का दावा है कि इस गाने के कानूनी अधिकार दशकों से उनके पास हैं। फिल्म की रिलीज नजदीक आते ही दोनों पक्ष अपनी-अपनी बात पर अड़े हुए हैं।