'हनुमान अंश' पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा ऐलान, उत्तराखंड में टैक्स-फ्री हुई नीम करोली बाबा पर बनी फिल्म
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बड़ा ऐलान करते हुए फिल्म 'हनुमान अंश' को राज्य में टैक्स-फ्री करने की घोषणा की है।
शुक्रवार को देहरादून के एक सिनेमा हॉल में विशेष स्क्रीनिंग के दौरान धामी ने ये फिल्म देखी। फिल्म की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इसमें बाबा नीम करोली की निस्वार्थ सेवा और भगवान हनुमान के प्रति उनकी अटूट आस्था के सफर को बेहद खूबसूरती से पर्दे पर उतारा गया है।
मुख्यमंत्री ने ये भी जोर दिया कि 'हनुमान अंश' जैसी फिल्में उत्तराखंड की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाने का एक सशक्त जरिया हैं।
बॉक्स ऑफिस पर 'हनुमान अंश' का जलवा
विशाल चतुर्वेदी के निर्देशन में बनी फिल्म 'हनुमान अंश' लक्ष्मीनारायण के 'बाबा नीम करोली' बनने के आध्यात्मिक सफर को पर्दे पर जीवंत करती है। ये फिल्म प्यार, करुणा और आत्म-खोज की एक बेहद प्रेरणादायक कहानी है।
7 अगस्त को रिलीज हुई इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी शुरुआत की थी, लेकिन दर्शकों की ओर से मिले जबरदस्त प्यार और तारीफों के दम पर फिल्म ने शानदार वापसी की। फिल्म ने 82.88 करोड़ रुपये का कारोबार कर एक ऐतिहासिक आध्यात्मिक सफलता दर्ज की है।