50वीं फिल्म को लेकर उत्साहित उन्नी मुकुंदन, जानें क्या है खास
मलयालम अभिनेता उन्नी मुकुंदन ने अभी-अभी एक बड़ी उपलब्धि अपने नाम की है। वह अपनी 50वीं फिल्म की तैयारी में जुटे हैं और यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म होगी।
इसमें वह सिर्फ अभिनय ही नहीं कर रहे हैं, बल्कि इस बार लेखक और निर्देशक की कुर्सी भी संभालेंगे। इस फिल्म को पैनोरमा स्टूडियोज उनके अपने बैनर के साथ मिलकर बना रहा है।
उन्नी ने 50वीं फिल्म को बताया खास उपलब्धि
फिलहाल फिल्म का नाम और इसमें कौन-कौन से कलाकार होंगे, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
लेकिन उन्नी का कहना है कि यह फिल्म उनके लिए बेहद खास है, क्योंकि इसमें वह अपनी कहानियों को अपने ढंग से बता पाएंगे, "मेरी 50वीं फिल्म मेरे लिए बहुत बड़ी उपलब्धि है। इसमें लेखक और निर्देशक की भूमिका निभाने से यह और भी ज्यादा मायने रखती है। मैं हमेशा से अपनी कहानियों को अपने तरीके से बताना चाहता था और मुझे लगा कि यह सही प्रोजेक्ट है और यही सही समय भी है।"
इस प्रोजेक्ट के अलावा उनकी और भी कई फिल्में आने वाली हैं। इनमें 'व्हिसल' और 'मां वंदे' जैसी फिल्में शामिल हैं, जिसमें वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का किरदार निभाएंगे। उनकी हाल ही की फिल्में 'मार्को' और 'गेट-सेट बेबी' भी काफी पसंद की गई हैं।