टीवी अभिनेता रोहित चंदेल गिरफ्तार, 16 साल की नाबालिग का पीछा करने और मारपीट का आरोप
'पांड्या स्टोर' जैसे टीवी धारावाहिकों में नजर आ चुके अभिनेता रोहित चंदेल को मुंबई में 10 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन पर शहर के पूर्वी उपनगर में रहने वाली एक 16 साल की नाबालिग लड़की का पीछा करने, उसे बार-बार फोन करके परेशान करने और उस पर हमला करने का आरोप है। पुलिस ने अभिनेता के खिलाफ पॉक्सो (POCSO) एक्ट, पीछा करने और मारपीट से जुड़ी अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पीड़िता को पहले से जानते थे रोहित चंदेल
मुंबई पुलिस ने रोहित चंदेल को उनके दहिसर स्थित घर से हिरासत में लिया, जिसके बाद उन्हें विशेष अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
पीड़ित लड़की की शिकायत के अनुसार, आरोपी अभिनेता ने उसे अलग-अलग नंबरों से कई बार फोन करके परेशान किया। आरोप है कि 5 जुलाई को वह लड़की की बिल्डिंग के पास पहुंच गया, जहां उसने लड़की का पीछा किया, उसे गालियां दीं और उस पर शारीरिक हमला (मारपीट) भी किया। पुलिस ने पुष्टि की है कि रोहित पीड़िता को पहले से जानता था और मामले की जांच अभी जारी है। हालांकि, इस पूरे मामले पर अभी तक अभिनेता की तरफ से कोई टिप्पणी या बयान सामने नहीं आया है।