LOADING...
'तू मेरी मैं तेरा…' की कमजोर शुरुआत, 'धुरंधर' ने किया इससे 3 गुना ज्यादा कारोबार 
'तू मेरी मैं तेरा...' का नहीं चला बॉक्स ऑफिस पर जादू

'तू मेरी मैं तेरा…' की कमजोर शुरुआत, 'धुरंधर' ने किया इससे 3 गुना ज्यादा कारोबार 

Dec 26, 2025
10:01 am

क्या है खबर?

कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'तू मेरी मैं तेरा मैं तेरा तू मेरी' बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन फेल हो गई। जोरदार प्रचार और स्टार पावर के बावजूद फिल्म पहले दिन सिर्फ औसत कमाई ही कर सकी। सबसे बड़ी वजह है रणवीर सिंह की 'धुरंधर' की तूफानी रफ्तार, जिसके सामने कार्तिक-अनन्या की फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में नाकाम रही। आइए जानें फिल्म ने कितने करोड़ रुपये के साथ खाता खोला।

कमाई

पहले दिन महज साढ़े 7 करोड़ रुपये जुटा सकी फिल्म

सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 7.50 करोड़ रुपये का कारोबार किया है। हैरानी की बात ये है कि फिल्म ने एडवांस बुकिंग से जो कमाई की थी, उसके हिसाब से फिल्म की पहले दिन की कमाई में कोई खास इजाफा देखने को नहीं मिला। उधर क्रिसमस की छुट्टी का भी इसे कोई फायदा नहीं मिला। हालांकि, ट्रेड पंडितों को उम्मीद है कि वीकेंड के दौरान फिल्म की कमाई में कुछ बढ़ोतरी हो सकती है।

धुरंधर

 'धुरंधर' ने क्रिसमस पर भी किया धमाका

रणवीर सिंह की 'धुरंधर' लंबे समय से बॉक्स ऑफिस पर अपनी मजबूत पकड़ बनाए हुए है। 5 दिसंबर को रिलीज हुई ये फिल्म लगातार शानदार कमाई कर रही है। इसके सामने कोई भी नई रिलीज टिकती नजर नहीं आ रही। खासतौर पर क्रिसमस की छुट्टी का फिल्म ने भरपूर फायदा उठाया। क्रिसमस के दिन 'धुरंधर' ने 26.50 करोड़ रुपये कमाए, जो कार्तिक की फिल्म की कमाई से करीब 3 गुना ज्यादा है। फिल्म भारत में 633 करोड़ कमा चुकी है।

Advertisement

फिल्म

'तू मेरी मैं तेरा.. ' के बारे में

'तू मेरी मैं तेरा.. ' को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। फिल्म में नीना गुप्ता, जैकी श्रॉफ और अरुणा ईरानी जैसे कलाकार भी हें। फिल्म में सितारों के अभिनय की तो तारीफ हो रही है, लेकिन कहानी को जनता ने नकार दिया है। 'सत्यप्रेम की कथा' बनाने वाले समीर विद्वांस ने इस फिल्म का निर्देशन किया है, वहीं करण जौहर के प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले इसे बनाया गया है।

Advertisement

साउथ की फिल्में

साउथ की फिल्मों में किच्चा सुदीप की 'मार्क' ने मारी बाजी

क्रिसमस पर मलयालम सुपरस्टार मोहनलाल की फिल्म 'वृषभ' भी सिनेमाघरों में आई। मोहनलाल की फिल्मों के फैंस दीवाने हैं, लेकिन इस बार उनकी फिल्म वो कमाल नहीं दिखा पाई, जिसकी उम्मीद की थी। ये पहले दिन महज 61 लाख रुपये कमा पाई। उधर 'वृषभ' के साथ पर्दे पर आई किच्चा सुदीप की फिल्म 'मार्क' ने 6.25 करोड़ रुपये कमाए हैं। क्रिसमस पर साउथ की जितनी भी फिल्में रिलीज हुईं, उनमें से 'मार्क' ने पहले दिन सबसे ज्यादा कमाई की है।

Advertisement