सुकेश चंद्रशेखर केस में नोरा फतेही की मुश्किलें बढ़ीं, क्रॉस-एग्जामिनेशन की तैयारी शुरू
क्या है खबर?
सुकेश चंद्रशेखर मामले में नोरा फतेही बुधवार को दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में सरकारी गवाह के तौर पर पहुंची। इससे पहले कोर्ट ने उन्हें 2 बार समन भेजकर अदालत में पेश होने का सख्त आदेश दिया था, जिसके बाद वह जज गगनदीप सिंह के सामने पहुंचीं। कोर्ट के सामने उन्होंने दोहराया कि दिसंबर, 2020 में चेन्नई के एक चैरिटी कार्यक्रम में उन्हें बतौर कलाकार बुलाया गया था और इसके बदले उन्हें कोई पैसे नहीं मिले थे।
सवाल
नोरा की दलील पर बचाव पक्ष ने उठाए कड़े सवाल
बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक, सुकेश की ओर से वकीलों (बचाव पक्ष) ने नोरा के बयान पर कड़े सवाल उठाए हैं।
वकीलों ने अभिनेत्री के उन पुराने बयानों का हवाला दिया, जिनमें उन्होंने जांच एजेंसियों के सामने उसी चेन्नई कार्यक्रम से जुड़े एक लग्जरी हैंडबैग, एक महंगा फोन और एक BMW कार मिलने की बात कबूली थी।
बचाव पक्ष ने कहा कि इन तोहफों को लेकर कोर्ट में नोरा से तीखे सवाल-जवाब होने बाकी हैं, जिन्हें अगली सुनवाई में उठाया जाएगा।
तैयारी
समन नोरा की बेगुनाही का सर्टिफिकेट नहीं
बचाव पक्ष ने कहा कि इस बात से इनकार नहीं कर सकते कि नोरा को सरकारी गवाह के तौर पर कोर्ट में बुलाया गया, समन उनकी बेगुनाही का सर्टिफिकेट नहीं है।
वकील अनंत मलिक ने कहा, "आज जनता ने जो सुना है, वह कुछ रिहर्सल की हुई लाइनें हैं। क्रॉस-एग्जामिनेशन में उस कहानी को परखा जाएगा। बचाव पक्ष कोर्ट के सामने डॉक्यूमेंट्स और मटीरियल पेश करेगा।"
उन्होंने कहा कि अभिनेत्री की दलीलें सबूतों और क्रॉस-एग्जामिनेशन के जरिए पेश की जाएंगी।