पहली बार साथ दिखेंगी तृषा कृष्णन, राधिका सरथकुमार और अपर्णा बालामुरली; लंदन में हो रही है शूटिंग
तमिल सिनेमा के फैंस के लिए एक बड़ी खबर है। तृषा कृष्णन, राधिका सरथकुमार और अपर्णा बालामुरली एक साथ एक मनोवैज्ञानिक ड्रामा-हॉरर फिल्म में काम कर रही हैं।
'एयरलिफ्ट' और 'पिप्पा' जैसी बेहतरीन फिल्में बनाने वाले निर्देशक राजा कृष्ण मेनन इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं। अभी इसकी शूटिंग लंदन में चल रही है।
पैनोरमा स्टूडियोज, लोकोमोटिव ग्लोबल के साथ मिलकर इस फिल्म को बना रहा है। हालांकि, फिल्म का नाम और पूरी स्टारकास्ट की जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।
राजा ने फिल्म को बताया मील का पत्थर
निर्देशक राजा ने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए एक मील का पत्थर बताया है। उनका कहना है कि यह उनकी पहली तमिल फिल्म है, पहली मनोवैज्ञानिक हॉरर फिल्म है और पहली ऐसी कहानी है, जो पूरी तरह से महिलाओं पर केंद्रित है।
वे इस प्रतिभाशाली टीम के साथ काम करने को लेकर काफी उत्साहित हैं। पैनोरमा स्टूडियोज के फाउंडर और चेयरमैन कुमार मंगत पाठक ने बताया कि वे ऐसी दमदार कहानियां बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जिनकी जड़ें संस्कृति से जुड़ी हों।
उन्होंने आगे कहा कि यह फिल्म अपनी भावनात्मक गहराई और तनावपूर्ण माहौल के साथ हॉरर फिल्मों की उनकी सूची में कुछ नया जोड़ेगी।