तृप्ति डिमरी को इन फिल्मों ने दिलाई शोहरत, एक तो कमाई में 500 करोड़ के पार
क्या है खबर?
अभिनेत्री तृप्ति डिमरी अब किसी पहचान की मोहताज नहीं रही हैं। अपने करियर में उन्होंने सार्थक और चुनौतीपूर्ण भूमिकाओं को निभाकर भारतीय सिनेमा में प्रभावशाली अदाकारा के रूप में खास पहचान बना ली है। रोमांटिक-ड्रामा और साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्मों के जरिए तृप्ति ने हमेशा अपने फैंस का दिल जीता। हालिया रिलीज शाहिद कपूर की 'ओ रोमियो' में अभिनेत्री के अभिनय की तारीफ हो रही है। 23 फरवरी को उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी दमदार फिल्मों पर डालिए एक नजर।
#1 & #2
'लैला-मजनू' और 'बुलबुल'
तृप्ति ने पहली बार 2018 में फिल्म 'लैला-मजनू' से चर्चाएं बटोरी थीं। अविनाश तिवारी के साथ उनकी जोड़ी को न सिर्फ सराहा गया था, बल्कि उनके भावपूर्ण और गहन अभिनय की समीक्षकों ने खूब तारीफ भी की थी। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर खास साबित नहीं हुई, लेकिन बाद में इसे कल्ट फिल्म का दर्जा मिला था। नेटफ्लिक्स पर रिलीज 'बुलबुल' साइकोलॉजिकल-थ्रिलर फिल्म है जिसमें तृप्ति के शानदार अभिनय की खूब सराहना हुई थी। उन्हें फिल्मफेयर OTT पुरस्कार मिला था।
#3 & #4
'कला' और 'भूल भुलैया 3'
बाबिल खान के साथ उनकी यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर आई एक क्लासिकल-म्यूजिक फिल्म थी। मां-बेटी के जटिल रिश्ते पर आधारित इस फिल्म में उनका चुनौतीपूर्ण किरदार काबिल-ए-तारीफ था। फिल्म के गाने भी बेहद लोकप्रिय हुए। हॉरर-कॉमेडी फ्रैंचाइजी 'भूल भुलैया 3' का हिस्सा तृप्ति रहीं जिसमें उनके साथ कार्तिक आर्यन मुख्य किरदार में थे। फिल्म में अभिनेत्री ने दोहरी भूमिका निभाई थी। जहां वर्तमान में वह राजकुमारी मीरा के किरदार में दिखीं, तो वहीं अतीत में वह राजकुमारी मधुलिका थीं।
#5
'एनिमल'
रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की फिल्म 'एनिमल' में तृप्ति ने छोटी, लेकिन प्रभावशाली भूमिका निभाई थी। सीमित स्क्रीन टाइम के बावजूद, उनकी उपस्थिति ने खूब चर्चा बटोरी थी। उनका किरदार सिनेमा में उनकी प्रतिष्ठा और फैंस की तादात को बढ़ाने में कारगर साबित रहा था। 2023 में रिलीज यह उस साल की सबसे ज्यादा कमाऊ फिल्म बन गई जिसने भारत में 500 करोड़ से ज्यादा कारोबार किया। तृप्ति को सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री के लिए फिल्मफेयर नामांकन भी मिला था।