Loading...
बॉक्स ऑफिस: 'टॉक्सिक' को 8वें दिन लगा जोर का झटका, कमाई में आई इतनी गिरावट
'टॉक्सिक' की कमाई में गिरावट आनी शुरू

बॉक्स ऑफिस: 'टॉक्सिक' को 8वें दिन लगा जोर का झटका, कमाई में आई इतनी गिरावट

Sep 03, 2026
09:48 am

क्या है खबर?

कन्नड़ सिनेमा के अभिनेता यश की फिल्म 'टॉक्सिक' दिन पर दिन सुस्त पड़ती जा रही है। इसने पहले दिन 'जवान', 'पठान' समेत कई बड़ी फिल्मों के रिकॉर्ड ध्वस्त किए, लेकिन एक हफ्ते बाद इसकी खुद की कमाई के आंकड़े डगमगाने लगे हैं। 'KGF: चैप्टर 2' (2022) की बेहतरीन सफलता के बाद, फैंस को यश की वापसी का बेसब्री से इंतजार था। हालांकि, 4 साल बाद वापस आकर भी अभिनेता दर्शकों का दिल जीतने में नाकामयाब साबित हो रहे हैं।

कलेक्शन

'टॉक्सिक' ने किया अब तक का सबसे कम कारोबार

सैकनिल्क के मुताबिक, 'टॉक्सिक' ने अपनी रिलीज के 8वें दिन (बुधवार) 5.10 करोड़ रुपये कमाए हैं।

यह अब तक का सबसे कम कलेक्शन है, क्योंकि इसने 7वें दिन 7.85 करोड़ और 6वें दिन 7.65 करोड़ रुपये कमाए थे।

इस तरह फिल्म घरेलू बॉक्स ऑफिस पर अब तक सिर्फ 234.70 करोड़ रुपये का नेट कारोबार कर सकी है।

विश्व स्तर पर भी 'टॉक्सिक' का प्रदर्शन खास असर नहीं डाल रहा है और अब तक यह 322 करोड़ रुपये कमा पाई है।

टक्कर

यश की फिल्म के लिए आगे आसान नहीं होगी राह

'टॉक्सिक' को लेकर जिस तरह का शोर था, उससे कहीं न कहीं लोगों को उम्मीद थी कि यह रणवीर सिंह की 'धुरंधर: द रिवेंज' (करीब 1,361 करोड़) का रिकॉर्ड तोड़ देगी।

हालांकि, अब फिल्म के लिए अपना ही बजट 500 करोड़ पार कर पाना मुश्किल लग रहा है।

दूसरी ओर, इसके रास्ते का कांटा बनने के लिए दुलकर सलमान की 'आई एम गेम' आ चुकी है और अली फजल की 'मिर्जापुर: द मूवी' भी 4 सितंबर को आ रही है।

ADVERTISEMENT