Page Loader
'आदिपुरुष' में कृति सैनन का इंतजार? इससे पहले OTT पर देखिए उनके ये खास किरदार
कृति सैनन के बेहतरीन किरदार

'आदिपुरुष' में कृति सैनन का इंतजार? इससे पहले OTT पर देखिए उनके ये खास किरदार

Jun 11, 2023
11:43 am

क्या है खबर?

सारे विवादों, चर्चाओं और इंतजार के बाद आखिरकार फिल्म 'आदिपुरुष' इस हफ्ते बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म शुक्रवार, 16 जून को रिलीज हो जाएगी। फिल्म में कृति सैनन सीता की भूमिका निभा रही हैं। पहली बार वह पर्दे पर पौराणिक भूमिका में नजर आएंगी। पिछले कुछ सालों में उन्होंने पर्दे पर कई खूबसूरत किरदार निभाए हैं। 'आदिपुरुष' से पहले आप OTT पर कृति की इन फिल्मों का मजा ले सकते हैं।

#1

'भेड़िया'

वरुण धवन और कृति की फिल्म 'भेड़िया' लंबे इंतजार के बाद हाल ही में जियो सिनेमा पर रिलीज हुई है। यह फिल्म पिछले साल सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म जंगल और इंसान की परस्पर निर्भरता को दिखाती है। यह हॉरर-कॉमेडी फिल्म अपनी रोमांचक कहानी के लिए खूब पसंद की गई। फिल्म में कृति जानवरों की डॉक्टर के किरदार में नजर आई हैं। फिल्म को IMDb पर 7 रेटिंग मिली है।

#2

'मिमी'

कृति की फिल्म 'मिमी' 2021 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। यह कृति के करियर की अब तक की सबसे शानदार फिल्म मानी जाती है। इसके लिए कृति ने कई पुरस्कार भी जीते थे। फिल्म में उन्होंने एक सरोगेट मदर का किरदार निभाया था, जो पैसों के लिए एक विदेशी जोड़े की सरोगेट बनने के लिए राजी हो जाती है। फिल्म में उनके साथ पंकज त्रिपाठी भी नजर आए थे। IMDb पर इस फिल्म को 7.9 रेटिंग मिली है।

#3

'बरेली की बर्फी'

2017 में आई फिल्म 'बरेली की बर्फी' में भी कृति, पंकज के साथ नजर आई थीं। इस फिल्म में आयुष्मान खुराना और राजकुमार राव भी नजर आए थे। फिल्म में बिट्टी (कृति) को एक किताब मिलती है, जिसमें पात्र बिल्कुल उसके जैसी है। इस वजह से वह किताब के लेखक को ढूंढने की ठान लेती है। इस प्रक्रिया में फिल्म एक दिलचस्प लव ट्रायंगल बन जाती है। 7.5 IMDb रेटिंग वाली यह फिल्म नेटफ्लिक्स पर मौजूद है।

#4

'लुका छुपी'

निर्देशक लक्ष्मण उतेकर की फिल्म 'लुका छुपी' 2019 में आई थी। फिल्म में कृति के साथ कार्तिक आर्यन मुख्य भूमिका में थे। फिल्म ग्वालियर के एक जोड़े की कहानी थी, जो परिवार से छिपकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहता है। यह एक खूबसूरत रोमांटिक कॉमेडी फिल्म थी, जो युवाओं को खासा पसंद आई थी। फिल्म में अपारशक्ति खुराना और पंकज त्रिपाठी सहायक भूमिका में नजर आए थे। नेटफ्लिक्स पर मौजूद इस फिल्म को IMDb पर 6.3 रेटिंग मिली है।

अन्य फिल्में

इन फिल्मों की ओर भी कर सकते हैं रुख

अगर आप कृति के प्रशंसक हैं तो इनके अलावा अन्य फिल्मों का आनंद भी OTT पर ले सकते हैं। उनकी फिल्म 'शहजादा' नेटफ्लिक्स पर मौजूद है। उनकी फिल्म 'हम दो हमारे दो' को आप डिज्नी+ हॉटस्टार, और 'राब्ता' को अमेजन प्राइम वीडियो पर देख सकते हैं। उनकी आने वाली फिल्मों की बात करें तो वह टाइगर श्रॉफ की 'गणपत' में नजर आएंगी। वह दिनेश विजान की एक रोमांटिक फिल्म में शाहिद कपूर के साथ भी काम कर रही हैं।