टाइगर श्रॉफ अब कॉमेडी में आजमाएंगे हाथ, जॉम्बी फिल्म के साथ करियर का सबसे बड़ा जोखिम
क्या है खबर?
दिग्गज निर्माता फिरोज नाडियाडवाला एक बार फिर दर्शकों के लिए कुछ हटकर लाने की तैयारी में हैं। इस बार उन्होंने अपनी अगली 'जॉम्बी कॉमेडी' फिल्म के लिए टाइगर श्रॉफ और शनाया कपूर की एक ताजी जोड़ी को साइन किया है। एक्शन और कॉमेडी का तड़का लगाने के लिए मशहूर फिरोज नाडियाडवाला का ये नया प्रोजेक्ट काफी सुर्खियों में है, क्योंकि इसमें टाइगर अपने चिर-परिचित एक्शन के साथ-साथ कॉमेडी और हॉरर के बीच तालमेल बिठाते नजर आएंगे।
जोड़ी
फिरोज नाडियाडवाला और अहमद खान की जोड़ी फिर तैयार
फिरोज नाडियाडवाला अपनी फिल्मावली और बड़ी करने जा रहे हैं। 'वेलकम टू द जंगल' की जारी शूटिंग के बीच उन्होंने टाइगर और शनाया को अपनी अगली जॉम्बी कॉमेडी फिल्म के लिए साइन कर लिया है। इस फिल्म का निर्देशन भी अहमद खान ही करेंगे, जो टाइगर के साथ कई सफल एक्शन फिल्में दे चुके हैं। इस साल के अंत तक इस फिल्म की शूटिंग शुरू हो जाएगी। ये पहला मौका होगा, जब टाइगर और शनाया पर्दे पर रोमांस करते दिखेंगे।
हंसी और खौफ
सालों बाद फिर दिखेगा जॉम्बीज का खौफ और हंसी
अहमद खान न केवल इस फिल्म का निर्देशन कर रहे हैं, बल्कि वो 'वेलकम' फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म की कमान भी संभाल रहे हैं। अहमद और टाइगर की जोड़ी पहले 'बागी 2', 'बागी 3' और 'हीरोपंती 2' जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुकी है। 'जॉम्बी कॉमेडी' एक ऐसा जॉनर है, जिसे राज और डीके की फिल्म 'गो गोवा गॉन' के बाद से हिंदी सिनेमा में ज्यादा नहीं आजमाया गया है। टाइगर-शनाया की ये फिल्म इस कमी को पूरा करेगी।
जोखिम
एक्शन छोड़ अब हंसाने की तैयारी में टाइगर
टाइगर अपने करियर में एक बड़ा जोखिम लेने वाले हैं। 'बागी' और 'हीरोपंती' जैसी एक्शन फ्रैंचाइजी के बाद वो पहली बार कॉमेडी में हाथ आजमाएंगे। दिलचस्प बात ये है कि जहां रणवीर सिंह भी जॉम्बी थीम वाली फिल्म 'प्रलय' की तैयारी कर रहे हैं, वहीं टाइगर की फिल्म उससे बिल्कुल अलग होगी। रणवीर की फिल्म जहां एक 'डार्क एक्शन-थ्रिलर' है, वहीं टाइगर की फिल्म दर्शकों को हंसाने के उद्देश्य से एक शुद्ध जॉम्बी कॉमेडी के रूप में पेश की जाएगी।
आगामी फिल्में
टाइगर और शनाया की आने वाली फिल्में
टाइगर इन दिनों एक साथ कई बड़ी फिल्मों पर काम कर रहे हैं। वो जाह्नवी कपूर के साथ राज मेहता की फिल्म 'लग जा गले' और राम माधवानी की 'वज्र' जैसी फिल्मों को पूरा करने के बाद ही वो फिरोज नाडियाडवाला की जॉम्बी कॉमेडी की शूटिंग शुरू करेंगे। उधर शनाया कपूर भी अपनी हालिया रिलीज 'तू या मैं' के बाद अब 'मुंज्या' से मशहूर हुए अभय वर्मा के साथ अपनी अगली पीरियड कॉमेडी फिल्म 'JC' की तैयारियों में जुटी हैं।