टाइगर श्रॉफ की 'गणपत' अगले साल क्रिसमस के मौके पर 23 दिसंबर को होगी रिलीज
टाइगर श्रॉफ ने काफी कम समय में बॉलीवुड में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है। अपनी एक्टिंग, बॉडी और डांस से उन्होंने फैंस का दिल जीता है। इस साल वह अपनी एक्शन से भरपूर फिल्म 'गणपत' को लेकर चर्चा में हैं। अब इस फिल्म से जुड़ी एक बड़ी जानकारी सामने आई है। मेकर्स ने बताया है कि टाइगर की यह फिल्म अगले साल क्रिसमस के मौके पर 23 दिसंबर को रिलीज होने वाली है।
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने शेयर की जानकारी
फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर फिल्म की रिलीज को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'टाइगर और कृति सेनन अभिनीत 'गणपत' क्रिसमस के मौके पर 2022 में आ रही है। यह फिल्म 23 दिसंबर, 2022 को रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन विकास बहल ने किया है।' इस फिल्म का निर्माण दीपशिखा देशमुख, जैकी भगनानी और वाशु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट द्वारा किया जाएगा।
यहां देखिए तरण आदर्श का ट्विटर पोस्ट
आ रहा है 'गणपत', तैयार रहना- टाइगर
मेकर्स ने एक वीडियो क्लिप जारी करते हुए फिल्म की रिलीज डेट की आधिकारिक घोषणा की है। इस वीडियो क्लिप में फिल्म के लीड कलाकार टाइगर एक्शन से लबरेज दिखे हैं। उन्होंने भी अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर इस वीडियो क्लिप को शेयर किया है। साथ ही उन्होंने इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, 'उसकी हटेगी तो सबकी फटेगी। आ रहा है 'गणपत', तैयार रहना।' इस पोस्ट पर प्रशंसकों की तरफ से टाइगर को ढेर सारी प्रतिक्रियाएं मिल रही हैं।
यहां देखिए टाइगर का इंस्टाग्राम पोस्ट
ऐसी होगी फिल्म की कहानी
इससे पहले भी टाइगर और कृति को फिल्म 'हीरोपंती' में साथ देखा गया था। 'गणपत' के लिए टाइगर को मार्शल आर्टिस्ट द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है। टाइगर बॉक्सिंग भी सीख रहे हैं। फिल्म में टाइगर गणपत नाम के शख्स का किरदार निभाएंगे। यह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें टाइगर को मुंबई के एक मुक्केबाज की भूमिका में देखा जाएगा। फिल्म पिता और बेटे की कहानी की पृष्ठभूमि पर आधारित है।
इसलिए रखा गया फिल्म का नाम 'गणपत'
फिल्म का एक मोशन पोस्टर पिछले साल नंबर में रिलीज किया गया था। इस पर 'पार्ट 1' लिखा हुआ दिखा था। आज रिलीज किए गए मोशन पोस्टर को देखने के बाद स्पष्ट है कि इस फिल्म में जबरदस्त एक्शन होगा और इसके आगे और भी भाग बनाए जाएंगे। जाहिर तौर पर फिल्म 'गणपत' दो भागों में बनेगी। फिल्म का नाम 'गणपत' इसलिए रखा गया है क्योंकि बॉक्सर बने टाइगर फिल्म में गणपति के भक्त बताए गए हैं।