Page Loader
टाइगर श्रॉफ और कृति सैनन अभिनीत 'गणपत' में जैकी श्रॉफ भी आएंगे नजर
टाइगर श्रॉफ, जैकी श्रॉफ और कृति सैनन

टाइगर श्रॉफ और कृति सैनन अभिनीत 'गणपत' में जैकी श्रॉफ भी आएंगे नजर

Oct 16, 2021
09:37 am

क्या है खबर?

टाइगर श्रॉफ और कृति सैनन काफी समय से फिल्म 'गणपत' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में दोनों कलाकार मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ चुकी है। यह फिल्म क्रिसमस के मौके पर अगले साल 23 दिसंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। अब फिल्म से जुड़ी एक रोचक जानकारी सामने आ रही है। खबरों की मानें तो इस बहुप्रतीक्षित फिल्म में टाइगर के पिता और अभिनेता जैकी श्रॉफ भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।

रिपोर्ट

जैकी का फिल्म में होगा स्पेशल अपीयरेंस

पिंकविला की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि 'गणपत' में जैकी भी अभिनय करते हुए दिखने वाले हैं। एक सूत्र ने कहा, "निर्माता फिल्म के लिए जैकी को लेने के लिए उत्सुक हैं। हालांकि, फिल्म में उनका एक स्पेशल अपीयरेंस होगा। फिल्म में उनका किरदार स्क्रिप्ट का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा। इस संबंध में बातचीत जारी है और इसे जल्द ही अंतिम रूप दिया जाएगा। फिल्म की शूटिंग 27 अक्टूबर से लंदन में शुरू होने की उम्मीद है।"

सूचना

टाइगर और जैकी ने 'बागी 3' में किया था काम

सूत्र ने आगे बताया कि फिल्म की टीम के कई सदस्य यूनाइटेड किंगडम पहुंच चुके हैं। उन्होंने सेट पर काम करना शुरू कर दिया है। ऐसी चर्चा है कि वहां उन्होंने एक जापानी रेस्तरां भी बनाया है। इस फिल्म में भविष्य की दुनिया की कहानी को फिल्माया जाएगा। फिल्म का इंटरनेशनल शेड्यूल करीब दो महीने तक चलेगा। इसके बाद फिल्म का मुंबई शेड्यूल शुरू होगा। टाइगर और जैकी ने इससे पहले 'बागी 3' में साथ काम किया है।

किरदार

मुक्केबाज की भूमिका में नजर आएंगे टाइगर

फिल्म का निर्देशन विकास बहल ने किया है। इससे पहले भी टाइगर और कृति को फिल्म 'हीरोपंती' में साथ देखा गया था। 'गणपत' के लिए टाइगर को मार्शल आर्टिस्ट द्वारा प्रशिक्षण दिया गया है। टाइगर ने बॉक्सिंग भी सीखी है। फिल्म में टाइगर गणपत नाम के शख्स का किरदार निभाएंगे। यह स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म होगी, जिसमें टाइगर को मुंबई के एक मुक्केबाज की भूमिका में देखा जाएगा। फिल्म पिता और बेटे की कहानी की पृष्ठभूमि पर आधारित है।

कहानी

दर्शकों को 2090 की दुनिया में ले जाएगी 'गणपत'

फिल्म का निर्माण दीपशिखा देशमुख, जैकी भगनानी और वाशु भगनानी की पूजा एंटरटेनमेंट द्वारा किया जाएगा। फिल्म 'गणपत' दो भागों में बनेगी। फिल्म का नाम 'गणपत' इसलिए रखा गया है क्योंकि बॉक्सर बने टाइगर फिल्म में गणपति के भक्त बताए गए हैं। आज से 69 साल आगे यानी साल 2090 का मुंबई कैसा होगा? भारत की स्थिति क्या होगी? उस वक्त दुनिया के राजनीतिक और आर्थिक हालात कैसे होंगे? यह सब फिल्म में दिखाया जाएगा।