थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन' का रिलीज से पहले धमाका, ब्रिटेन में महज 1 घंटे में बिके हजारों टिकट
सुपरस्टार थलापति विजय की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जना नायकन' 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। इस फिल्म में उनके साथ बॉबी देओल, पूजा हेगड़े और मामीथी बाईजू भी मुख्य भूमिकाओं में हैं।
फिल्म के प्रति दीवानगी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 11 जुलाई को जैसे ही ब्रिटेन में इसकी एडवांस बुकिंग शुरू हुई, महज 1 घंटे के भीतर हजारों टिकट बिक गए। दर्शकों की ये जबरदस्त दीवानगी साफ दिखाती है कि वे विजय की इस आखिरी फिल्म को देखने के लिए कितने उत्साहित हैं। खास बात है कि ये फिल्म ऐसे समय पर आ रही है, जब विजय तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में अपनी राजनीतिक पारी की शुरुआत करने जा रहे हैं।
सेंसर बोर्ड ने की 'जन नायकन' की रिलीज में देरी
ये फिल्म पहले जनवरी में रिलीज होनी थी, लेकिन सेंसर बोर्ड की कुछ आपत्तियों के कारण इसमें देर हो गई। इन आपत्तियों को दूर करने के लिए 6 महीने तक फिल्म में बदलाव किए गए और अब जाकर आखिरकार इसे 'A' रेटिंग मिल पाई। KVN प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी 'जन नायकन' को 2023 की हिट तेलुगू फिल्म 'भगवान्त केसरी' का रूपांतरण बताया जा रहा है, जिसका निर्देशन अनिल रविपुडी ने किया था।