अभिनेत्री कियारा आडवाणी को इन पांच फिल्मों ने बनाया स्टार
कियारा आडवाणी बॉलीवुड की सफल अभिनेत्री बनकर उभरी हैं। एक के बाद एक कई हिट फिल्में देने के बाद उनकी मार्केट वैल्यू बढ़ गई है। आज की तारीख में हर किसी की ख्वाहिश होती है कि वह इस अभिनेत्री के साथ काम करे। आज कियारा 30 साल की हो गई हैं और फैंस उन्हें जन्मदिन की बधाइयां दे रहे हैं। आइए इस मौके पर उन पांच फिल्मों पर नजर डालते हैं, जिसने कियारा को स्टार बना दिया।
जुग जुग जियो
कियारा हालिया रिलीज हुई फिल्म 'जुग जुग जियो' से सफलता का स्वाद चख चुकी हैं। इस फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर बॉलीवुड के सूखे को खत्म किया और अच्छा कारोबार किया। इसमें अभिनेता वरुण धवन के साथ उनकी केमिस्ट्री कमाल की लगी। फिल्म 24 जून को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म ने भारत में करीब 85 करोड़ रुपये कमा लिए हैं। फिल्ममेकर राज मेहता ने इसका निर्देशन किया था।
शेरशाह
पिछले साल रिलीज हुई फिल्म 'शेरशाह' में भी कियारा ने शानदार प्रदर्शन किया था। यह कैप्टन विक्रम बत्रा की बायोपिक फिल्म है। इसमें उन्होंने कैप्टन विक्रम की मंगेतर डिंपल चीमा के किरदार को बखूबी निभाया था। इस फिल्म में उनके कथित बॉयफ्रेंड सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ उनकी जोड़ी खूब जमी थी। सिद्धार्थ विक्रम के किरदार में छा गए थे। खासकर इस फिल्म के गानों में दोनों की जुगलबंदी को दर्शकों ने सराहा था।
एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी
पूर्व भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की बायोपिक 'एमएस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी' बॉक्स ऑफिस पर हिट साबित हुई थी। यह फिल्म 2016 में रिलीज हुई थी। इसमें कियारा ने धोनी की पत्नी साक्षी सिंह रावत की भूमिका निभाई थी। इस किरदार में उन्होंने अपने मासूमियत से सभी का दिल जीत लिया था। कियारा के अपोजिट दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत नजर आए थे। इसका निर्देशन नीरज पांडे ने किया था।
कबीर सिंह
शाहिद कपूर की फिल्म 'कबीर सिंह' 2019 में रिलीज हुई सुपरहिट फिल्मों में शामिल है। इस फिल्म ने कियारा के करियर को एक नई ऊंचाई दी। इसमें उनके अभिनय पर दर्शकों ने खूब प्यार बरसाया था। इस फिल्म ने भारत में करीब 278 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। इसके निर्देशन की कमान संदीप रेड्डी वांगा ने संभाली थी। टी-सीरीज के बैनर तले इस फिल्म को प्रोड्यूस किया गया था।
लस्ट स्टोरीज
'लस्ट स्टोरीज' में कियारा ने बोल्डनेस की हदें पार कर दी थीं। पहली बार वह इस तरह की भूमिका में नजर आई थीं। यह फिल्म प्यार और रिश्तों के ताने-बाने को दिखाती है। फिल्म 2018 में नेटफ्लिक्स पर आई थी। इसमें चार अलग-अलग कहानियां दिखाई गई थीं। इस फिल्म में काम करने को लेकर कियारा काफी उत्साहित थीं। उन्होंने कहा था, "इस प्रोजेक्ट को मैंने चुना, क्योंकि मैं करण जौहर के साथ काम करना चाहती थी।"