'दृश्यम' की ऊंची उड़ान ने 'द वन' को रोका, दूसरे सोमवार कमाई में आई गिरावट
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया अभिनीत फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' के बॉक्स ऑफिस कमाई में तेजी से गिरावट आई है। 11 दिनों के बाद, फिल्म ने भारत में लगभग 58.8 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है।
वहीं, दूसरे सोमवार को इसकी कमाई 75 लाख से 85 लाख रुपये के बीच सिमट गई। फिल्म के प्रदर्शन पर 'दृश्यम: द कंक्लूजन' की ब्लॉकबस्टर कामयाबी का बुरा असर पड़ा है।
'द वन' से इतने करोड़ कमाने की थी उम्मीद
दीपक कुमार मिश्रा के निर्देशन में बनी फिल्म 'द वन' से उम्मीद की जा रही है कि यह सिनेमाघरों में कुल 65 करोड़ से 70 करोड़ रुपये का कलेक्शन करके अपना सफर खत्म करेगी।
फिल्म की कहानी ऋषि नाम के एक इंजीनियर पर आधारित है, जो अपनी पत्नी के साथ बिहार के अपने पैतृक गांव लौटता है। वहां एक विकास प्रोजेक्ट एक पवित्र जंगल के लिए खतरा बन जाता है और ऋषि को सदियों पुराने एक रहस्य में उलझा देता है।
अपनी अनोखी पौराणिक और वास्तविक कहानी के बावजूद भी, यह फिल्म दूसरी रिलीज हुई फिल्मों की कड़ी टक्कर के बीच अपनी जगह नहीं बना पाई है।