बॉक्स ऑफिस: सिद्धार्थ मल्होत्रा की फिल्म 'द वन' की शानदार शुरुआत, इन फिल्मों को दी मात
क्या है खबर?
सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया की फिल्म 'द वन' ने बॉक्स ऑफिस पर रिलीज के साथ ही अपनी मौजूदगी दर्ज करा दी है। फिल्म ने पहले दिन कई फिल्मों की ओपनिंग को पीछे छोड़ दिया। इनमें अक्षय कुमार की 'हैवान' और सनी देओल की 'बंटवारा 1947' भी शामिल हैं। एक्शन और रोमांस से भरपूर इस फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से चर्चा थी। अब इसकी पहले दिन की कमाई ने निर्माताओं की उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
कमाई
कमजोर प्रतिक्रिया के बाद भी बॉक्स ऑफिस पर चमकी फिल्म
भले ही इस फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से खास प्रतिक्रिया नहीं मिली, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर इसकी शुरुआत बेहतर रही।
सैकनिल्क के आंकड़ों के अनुसार, फिल्म ने भारत में पहले दिन करीब 8 करोड़ रुपये कमाए।
अपनी ओपनिंग के साथ इसने 'वाइब' (2.25 करोड़), 'दायरा' (1.16 करोड़), 'हैवान' (3 करोड़) और 'बंटवारा 1947' (5.25 करोड़) समेत हालिया रिलीज कुल 33 फिल्मों को पीछे छोड़ दिया।
कमजोर समीक्षाओं के बावजूद फिल्म ने टिकट खिड़की पर अच्छी शुरुआत दर्ज की।
स्टारकास्ट
फिल्म के कलाकार और कहानी
'द वन' में सिद्धार्थ मल्होत्रा और तमन्ना भाटिया ने मुख्य भूमिका निभाई है, वहीं सुनील ग्रोवर, श्वेता तिवारी, अनूप सोनी और मनीष पॉल, जैसे कलाकार सहायक भूमिकाओं में हैं।
'द वन' की कहानी ऋषि (सिद्धार्थ मल्होत्रा) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पुश्तैनी जमीन बेचने के लिए अपनी पत्नी ममता (तमन्ना भाटिया) के साथ बिहार में स्थित अपने पैतृक गांव लौटता है।
इस फिल्म का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा और अरुणाभ कुमार ने किया है। एकता कपूर इसकी निर्माता हैं।
द पैराडाइज
नानी की 'द पैराडाइज' ने कितने कमाए?
उधर साउथ स्टार नानी की 'द पैराडाइज' भी सिनेमाघरों में लगी है। फिल्म ने दूसरे दिन भारत में 14.90 करोड़ रुपये का कारोबार किया, जिसके बाद इसकी कुल कमाई 61.15 करोड़ रुपये हो गई है।
हालांकि, दूसरे दिन फिल्म के कारोबार में पहले दिन के मुकाबले बड़ी गिरावट देखने को मिली।
'द पैराडाइज' ने पहले दिन भारत में 34.65 करोड़ रुपये की शानदार ओपनिंग ली थी। अब 'द वन' की एंट्री से बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला दिलचस्प हो गया है।