'पेड्डी' ट्रेलर लॉन्च में राम चरण और जाह्नवी कपूर के साथ एमएस धोनी भी लगाएंगे चार चांद
राम चरण और जाह्नवी कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'पेड्डी' का ट्रेलर 18 मई को मुंबई में एक भव्य इवेंट के दौरान लॉन्च किया जाएगा। इस खास मौके पर क्रिकेट दिग्गज एमएस धोनी के शामिल होने की चर्चा है, जिसने फैंस के उत्साह को दोगुना कर दिया है।
बुची बाबू सना के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक ऐसे ग्रामीण खिलाड़ी की कहानी है, जो क्रिकेट और कुश्ती के मैदान पर अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष करता है। धोनी की मौजूदगी की खबर ने अभी से सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है।
कब रिलीज होगी 'पेड्डी'?
फिल्म निर्माताओं को उम्मीद है कि धोनी की मौजूदगी से इसे देशभर में जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा, क्योंकि क्रिकेट जगत में उनकी एक खास पहचान है। फिल्म के कलाकारों में जगपति बाबू और दिव्येंदु शर्मा के साथ शिव राजकुमार भी कैमियो रोल में दिखेंगे। अपने किरदार के लिए राम चरण ने क्रिकेट और कुश्ती दोनों में खूब पसीना बहाया है। वो 18 मई से 2 जून तक आठ शहरों का प्रमोशन टूर शुरू करेंगे। 'पेड्डी' 4 जून, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।