OTT पर रिलीज हुई तेलुगू फिल्म 'मूल्यम', समाज के इस काले सच को देख कांप उठेगी रूह
तेलुगू फिल्म 'मूल्यम' अब OTT प्लेटफॉर्म ETV विन पर रिलीज हो चुकी है। अविनाश वर्मा के निर्देशन में बनी ये फिल्म एक ऐसे ग्रामीण शिक्षक की झकझोर देने वाली कहानी है, जो समाज में फैले जातिगत भेदभाव और असमानता के खिलाफ अकेले ही आवाज उठाता है।
ये फिल्म केवल मनोरंजन नहीं करती, बल्कि मानवीय गरिमा, नैतिक मूल्यों और समाज के पूर्वाग्रहों (रूढ़िवादी सोच) का इंसानी जिंदगी पर क्या असर पड़ता है, इसे बहुत गहराई से पर्दे पर दिखाती है। अगर आप सार्थक और गंभीर सिनेमा देखने के शौकीन हैं तो ये फिल्म आपके लिए एक बेहतरीन विकल्प है।
जातिगत भेदभाव पर चोट करती है फिल्म 'मूल्यम'
फिल्म में मोहन भगत मुख्य भूमिका में हैं। वो एक ऐसे शिक्षक का किरदार निभा रहे हैं, जिन्हें समाज में मान-सम्मान नहीं मिलता, फिर भी वह अपने छात्रों के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते हैं। इस भूमिका में उन्हें अखिल भनेशवर, दीपक मेरला और अविनाश पेरिचेरला का सशक्त साथ मिला है। 'मूल्यम' ये दर्शाती है कि कैसे जातिगत भेदभाव सिर्फ एक व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को गहराई से प्रभावित करता है। यह फिल्म हमें यह भी याद दिलाती है कि आज भी दृढ़ता और समानता के मूल्यों की कितनी अहमियत है।