'प्रहार' के टीजर में खूब जमे राजकुमार राव, खुद उज्जवल निकम ने की एक्टिंग की तारीफ
मशहूर सरकारी वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी पर आधारित फिल्म 'प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम' का दमदार टीजर रिलीज हो गया है। इस फिल्म में अभिनेता राजकुमार राव, 26/11 मुंबई आतंकी हमले के केस की पैरवी करने वाले उज्ज्वल निकम के मुख्य किरदार में नजर आ रहे हैं। अविनाश अरुण के निर्देशन में बनी ये फिल्म न सिर्फ कोर्ट रूम के ड्रामे को दिखाएगी, बल्कि निकम की निजी जिंदगी और उनके परिवार के त्याग को भी सामने लाएगी। अब खुद उज्ज्वल निकम ने राजकुमार राव के अभिनय की जमकर तारीफ की और कहा कि फिल्म में उनके काम और पारिवारिक जिंदगी, दोनों को ही बेहद ईमानदारी से पर्दे पर उतारा गया है।
"लोग सिर्फ फैसले याद रखते हैं, 'प्रहार' दिखाएगी उसके पीछे का सच"
उज्जवल बोले, "प्रहार सिर्फ अदालती जीतों का दस्तावेज नहीं है, बल्कि ये उस मानसिक तनाव, भावनात्मक असर और अकेलेपन भरी रातों को भी उजागर करती है, जो किसी बड़े फैसले को सुनाए जाने से पहले बीतती हैं। लोग अक्सर सिर्फ बड़े फैसलों को याद रखते हैं, लेकिन उन फैसलों से पहले की जो खौफनाक और बेचैन करने वाली रातें होती हैं, उन्हें कम ही लोग जानते हैं। 'प्रहार' इसी अनदेखे पहलू को दुनिया के सामने लाती है।"
'प्रहार' इस दिन सिनेमाघरों में होगी रिलीज
मैडॉक फिल्म्स के प्रोडक्शन में बनी 'प्रहार' में राजकुमार के साथ वामिका गब्बी, सिकंदर खेर और जयदीप अहलावत भी नजर आएंगे। ये फिल्म 7 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। कानूनी लड़ाइयों और निजी जिंदगी पर पड़ने वाले प्रभावों की फिल्म में बेबाक प्रस्तुति देखकर दर्शक इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।