परेश रावल की 'द ताज स्टोरी' इस OTT पर देगी दस्तक, जानिए कब देख सकेंगे
क्या है खबर?
आमतौर पर हिंदी फिल्में सिनेमाघरों के बाद नेटफ्लिक्स, जियोहॉटस्टार या ZEE5 पर स्ट्रीम की जाती हैं। परेश रावल की फिल्म 'द ताज स्टोरी' ने इस मामले में बिल्कुल अलग राह चुनी है। फिल्म OTT पर दस्तक देने के लिए तैयार है, लेकिन स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म में बड़ा बदलाव है। अक्टूबर, 2025 में रिलीज कोर्टरूम ड्रामा फिल्म करीब 5 महीने बाद अपने डिजिटल प्रीमियर करने जा रही है। इसे लायंसगेट प्ले (OTT प्ले प्रीमियम) पर स्ट्रीम किया जाएगा।
रिलीज
इस तारीख को रिलीज होगी 'द ताज स्टोरी'
OTT प्ले की रिपोर्ट के मुताबिक, तुषार अमरीश गोयल द्वारा निर्देशित 'द ताज स्टोरी' 13 मार्च, 2026 से लायंसगेट प्ले प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो जाएगी। इस प्लेटफॉर्म पर घर बैठकर फ्री में फिल्म का लुत्फ उठाया जा सकेगा। यह एक सच्ची घटना पर आधारित फिल्म है जिसमें परेश ने ताजमहल के गाइड 'विष्णु दास' का किरदार निभाया है। उनके अलावा, जाकिर हुसैन, अमृता खानविलकर और नमित दास अहम किरदार में नजर आए हैं।
विवाद
'द ताज स्टोरी' का विवाद से नाता
31 अक्टूबर, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद 'द ताज स्टोरी' विवादों में घिर गई थी। इसका मुख्य कारण ताजमहल की ऐतिहासिक उत्पत्ति से जुड़े विवादास्पद विषय को दिखाना था जिसके चलते फिल्म ने खूब सुर्खियां बटोरीं। लोगों द्वारा इसे अप्रमाणित दावों पर आधारित "प्रचार का साधन" करार दिया गया था, जबकि कुछ लोगों ने ऐतिहासिक कथाओं की इसकी "साहसिक" पड़ताल की तारीफ की थी। इसने बॉक्स ऑफिस पर शुरुआती 3-4 हफ्तों में करीब 20-24 करोड़ कमाए थे।