कानूनी जीत के बाद 'महाप्रभु जगन्नाथ' अब इस तारीख को होगी रिलीज
ओडिशा को अपनी पहली एनिमेटेड फिल्म 'महाप्रभु जगन्नाथ' मिलने जा रही है। यह फिल्म 28 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
इस फिल्म को बच्चों में भक्ति और सांस्कृतिक मूल्यों को जगाने के मकसद से बनाया गया है। यह फिल्म पहले 17 जुलाई को रिलीज होने वाली थी, लेकिन इसमें मौजूद कंटेंट को लेकर कुछ चिंताओं के चलते ओडिसा हाई कोर्ट ने इसकी रिलीज पर रोक लगा दी थी।
इसके बाद, निर्माता कंपनी ने मामले को सुप्रीम कोर्ट में उठाया और अब उन्हें फिल्म रिलीज करने की अनुमति मिल गई है।
सिनेपोलिस ने तय की फिल्म की रिलीज की नई तारीख
फिल्म के निर्माताओं ने जानकारी दी कि 'महाप्रभु जगन्नाथ' को CBFC से पहले ही 'U' सर्टिफिकेट मिल चुका है और 300 से अधिक सिनेमाघरों में इसकी एडवांस बुकिंग भी हो चुकी है।
सुप्रीम कोर्ट से हरी झंडी मिलने के बाद, फिल्म के वितरक सिनेपोलिस ने अब नई रिलीज तारीख तय कर दी है। निर्माता दुर्गा प्रसाद दलाई ने कोर्ट का धन्यवाद करते हुए कहा कि उनका सपना है कि परिवार और बच्चे एक साथ भगवान जगन्नाथ की कृपा का अनुभव करें।
इस फिल्म का निर्देशन श्रीपाद वारखेड़कर ने किया है और यह उनकी लोकप्रिय 'जय जगन्नाथ' एनिमेटेड सीरीज का अगला भाग है।