नेटफ्लिक्स का बड़ा ऐलान, मौत के 3 साल बाद खुलेंगे 'फ्रेंड्स' स्टार मैथ्यू पेरी के राज
क्या है खबर?
शो 'फ्रेंड्स' के मशहूर अभिनेता मैथ्यू पेरी के निधन के 3 साल बाद नेटफ्लिक्स ने उनकी जिंदगी पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का ऐलान किया है। 'द वन अबाउट मैथ्यू पेरी' नाम की ये डॉक्यूमेंट्री की रिलीज तारीख भी सामने आ गई है। इसमें अभिनेता के अनदेखे निजी वीडियो, दुर्लभ तस्वीरें और उनके करीबियों के इंटरव्यू शामिल होंगे। ये डॉक्यूमेंट्री मैथ्यू के स्टारडम, ड्रग्स की लत से उनके संघर्ष और उनकी दर्दनाक मौत से जुड़े अनसुने पहलुओं को दुनिया के सामने लाएगी।
ऐलान
27 अक्टूबर को आ रही मैथ्यू पेरी की 3 भाग वाली डॉक्यूमेंट्री
'फ्रेंड्स' स्टार मैथ्यू पेरी की जिंदगी और विरासत को अब नेटफ्लिक्स एक 3 भाग की डॉक्यूमेंट्री सीरीज में प्रस्तुत करने जा रहा है, जिसका नाम 'द वन अबाउट मैथ्यू पेरी' है।
एमी पुरस्कार विजेता मैरी रॉबर्टसन द्वारा निर्देशित ये सीरीज 27 अक्टूबर, 2026 को रिलीज होगी। इसमें मैथ्यू के परिवार के निजी संग्रह से ली गई कई अनदेखी चीजें और उनके करीबियों द्वारा साझा की गईं अनसुनी यादें शामिल होंगी, जो उनकी जिंदगी के अनदेखे पहलुओं से पर्दा उठाएगी।
कहानी
मैथ्यू पेरी के स्टारडम और ड्रग्स के दर्द की पूरी कहानी
'फ्रेंड्स' में 'चैंडलर बिंग' का किरदार निभाकर मैथ्यू पेरी वैश्विक स्तर पर बेहद लोकप्रिय हुए।
साल 1994 से 2004 के दौरान 236 एपिसोड्स में अपनी बेमिसाल कॉमिक टाइमिंग से उन्होंने करोड़ों दिलों पर राज किया।
स्टारडम के बीच मैथ्यू ने अपनी ड्रग्स और शराब की लत पर भी खुलकर बात की। अक्टूबर, 2023 में महज 54 वर्ष की उम्र में गलती से ड्रग्स की अत्यधिक मात्रा के कारण उनका असमय निधन हो गया था।
हकीकत
सामने आएगा स्टारडम के पीछे छिपा इंसान
'द वन अबाउट मैथ्यू पेरी' में एक युवा कॉमेडियन से टीवी के सबसे बड़े स्टार बनने तक के मैथ्यू पेरी के सफर को करीब से दिखाया जाएगा।
एमी-विजेता मैरी रॉबर्टसन के निर्देशन और मैक्सिन प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस 3-पार्ट सीरीज में उनकी बहन मिया पेरी बोविक का पहला अनसुना बयान शामिल होगा।
ये सीरीज मैथ्यू के सार्वजनिक स्टारडम के पीछे छिपे एक वास्तविक इंसान की भावनात्मक और अनसुनी कहानी को दुनिया के सामने पेश करेगी।
राज
बहन मिया पहली बार खोलेंगी भाई के राज
मैथ्यू की बहन मिया पेरी बोविक इस डॉक्यूमेंट्री में अपने भाई से जुड़ी बेहद खास और अनसुनी बातें बताएंगी।
पेशे से साइकोथेरेपिस्ट मिया ये बताएंगी कि स्टारडम और नशे की लत से अलग असल जिंदगी में मैथ्यू कैसे इंसान थे। इसमें उनके परिवार की पुरानी अनदेखी तस्वीरें और वीडियो भी दिखाए जाएंगे।
मिया का कहना है कि वो मैथ्यू को सिर्फ 'चैंडलर बिंग' नहीं, बल्कि एक बेहद दिलदार और सच्चे इंसान के रूप में दुनिया के सामने लाना चाहती हैं।