LOADING...
मैथ्यू पेरी को मौत की दवा देने वाला निजी सहायक कोर्ट में फूट-फूटकर रोया, हुई जेल
मैथ्यू पेरी को मौत की दवा देने वाला अब काटेगा जेल

मैथ्यू पेरी को मौत की दवा देने वाला निजी सहायक कोर्ट में फूट-फूटकर रोया, हुई जेल

May 28, 2026
12:37 pm

क्या है खबर?

मशहूर टीवी शो 'फ्रेंड्स' के स्टार मैथ्यू पेरी की केटामाइन ओवरडोज से हुई मौत के मामले में अदालत ने बुधवार को आखिरी और बड़ा फैसला सुना दिया है। लॉस एंजिल्स के फेडरल कोर्ट ने मैथ्यू के 60 वर्षीय निजी सहायक केनेथ इवामासा को 3 साल और 5 महीने की जेल की सजा सुनाई है। एक समझौते के तहत इवामासा ने स्वीकार किया कि मौत वाले दिन उसने ही एक्टर को केटामाइन के कई जानलेवा इंजेक्शन दिए थे।

सजा

कुछ हफ्तों में दे दिए 42 लाख के ड्रग्स

मैथ्यू पेरी की मौत से जुड़े बहु-वर्षीय कानूनी मामले का आखिरकार अंत हो गया है। कोर्ट ने उनके साथ रहने वाले 60 साल के निजी सहायक केनेथ इवामासा को 41 महीने (3 साल 5 महीने) की जेल की सजा सुनाई है। अभियोजकों के मुताबिक, इवामासा ने 2 डॉक्टरों के साथ मिलकर मैथ्यू की मौत से कुछ हफ्ते पहले उन्हें करीब 42 लाख रुपये से अधिक की केटामाइन दवा उपलब्ध कराई थी।

जुल्म

बिना मेडिकल ट्रेनिंग के ही अभिनेता को लगा रहा था मौत के इंजेक्शन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, इवामासा के पास कोई मेडिकल ट्रेनिंग नहीं थी, फिर भी उसने मैथ्यू को केटामाइन के इंजेक्शन दिए। अक्टूबर, 2023 में मैथ्यू लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर के हॉट टब में मृत पाए गए थे। केनेथ ने अगस्त 2024 में कबूल कर लिया था कि वो केटामाइन सप्लाई और साजिश में शामिल था। इस जुर्म में उसे अधिकतम 15 साल की सजा हो सकती थी, लेकिन समझौते के तहत 41 महीने की जेल की सजा सुनाई गई।

Advertisement

सबूत

सब जानते हुए भी ड्रग्स दी और सबूत मिटाए- कोर्ट

अदालत ने इवामासा को जेल के साथ 2 साल की निगरानी और 8 लाख 30 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया। उसे 17 जुलाई तक जेल में सरेंडर करने का आदेश दिया गया है। जज ने कहा कि इवामासा को मैथ्यू पेरी की नशे की लत की पूरी जानकारी थी और उसने सबूत छिपाने की कोशिश भी की थी। बता दें कि लॉस एंजिल्स की अदालत में गवाही के दौरान इवामासा हाथ जोड़े मैथ्यू के परिवार के सामने रो पड़ा।

Advertisement

माफी

"मुझे जिंदगीभर रहेगा पछतावा"

इवामासा ने रोते हुए कहा, "मैं आप सभी से दिल से माफी मांगता हूं। मुझे बेहद अफसोस है कि मैंने वो गैर-कानूनी काम किए, जिनका पछतावा मुझे जिंदगीभर रहेगा। मैं अपने इस गुनाह का दर्द और पछतावा अपनी कब्र तक साथ लेकर जाऊंगा। उम्मीद है कि मेरा ये अंजाम किसी ऐसे व्यक्ति के लिए सबक बनेगा, जो कभी मेरी स्थिति में हो, ताकि वो बेहतर फैसले ले सके। मैं अपनी हरकतों के लिए बहुत शर्मिंदा और माफी का तलबगार हूं।"

आभार

मां-बहनों ने खत लिखकर जज का जताया आभार

इस पूरे मामले में अभियोजकों ने इवामासा के लिए 3 साल और 5 महीने की जेल की सजा की मांग की थी। इस मामले में कुल 5 आरोपी बनाए गए थे, जिनमें से इवामासा कोर्ट के साथ समझौता करने वाला पहला आरोपी था, लेकिन उसे सजा सबसे आखिरी में सुनाई गई है। इवामासा की सजा के ऐलान से ठीक पहले मैथ्यू की मां और बहनों ने जज को पत्र सौंपे थे, जिसमें उन्होंने जज का शुक्रिया अदा किया था।

Advertisement