'द डेविल वियर्स प्राडा' की वापसी, जानिए भारत में कब और कहां देख सकेंगे फिल्म का सीक्वल
फैशन और फिल्मों के शौकीनों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। साल 2006 की मशहूर हॉलीवुड फिल्म 'द डेविल वियर्स प्राडा' का दूसरा भाग 'द डेविल वियर्स प्राडा 2' जल्द ही रिलीज होने जा रहा है। भारत में ये फिल्म 29 जुलाई, 2026 से OTT प्लेटफॉर्म जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकेगी, जबकि दुनियाभर में इसे डिज्नी प्लस और हुलु पर स्ट्रीम किया जाएगा। इस फिल्म के निर्देशक डेविड फ्रैंकल पूरे 20 साल बाद एक बार फिर 'रनवे मैगजीन' की उसी चमचमाती दुनिया में लौट रहे हैं और दर्शकों के लिए फैशन का वही पुराना रोमांचक ड्रामा लेकर आ रहे हैं।
ऐनी हैथवे और मेरिल स्ट्रीप की जोड़ी फिर लौटेगी
इस फिल्म में ऐनी हैथवे और मेरिल स्ट्रीप एक बार फिर अपने मशहूर किरदारों 'एंडी सैक्स' और 'मिरांडा प्रीस्टली' के रूप में दर्शकों के सामने होंगी। उनके साथ पुराने कलाकार एमिली ब्लंट और स्टेनली तुच्ची भी वापसी कर रहे हैं।
इस बार फिल्म की कहानी काफी आधुनिक होगी, जहां एंडी का सामना एक ऐसी मीडिया इंडस्ट्री से होगा, जो नए तकनीकी बदलावों, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की चुनौतियों और कॉर्पोरेट जगत की उथल-पुथल से जूझ रही है। फिल्म में केनेथ ब्रानघ और सिमोन एशले जैसे कुछ नए चेहरे भी नजर आएंगे। ये फिल्म बेहद दिलचस्प तरीके से दिखाएगी कि आज के इस डिजिटल दौर में फैशन की दुनिया और उसकी विरासत कैसे बदल रही है।