मां के अपमान पर भड़के कन्नड़ अभिनेता, डिलीवरी एजेंट को घर में दौड़ाया; वीडियो हुआ वायरल
कन्नड़ फिल्म 'राजा वेड्स रामाबाई' में नजर आए अभिनेता अखिल राज उद्देमारी आजकल सुर्खियों में हैं।
एक वीडियो सामने आया है, जिसमें उन्हें एक डिलीवरी एजेंट के साथ बहस करते और सीढ़ियों से नीचे उसका पीछा करते हुए देखा जा सकता है।
यह वीडियो सोमवार को ऑनलाइन सामने आई, जिसमें उनके परिवार के सदस्य भी हालात संभालने की कोशिश करते दिखे।
अखिल ने अपनी प्रतिक्रिया पर जताया पछतावा
अखिल ने बताया कि यह झगड़ा तब शुरू हुआ जब एक पड़ोसी का पार्सल गलती से उनके घर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने एजेंट से पूछा कि उसने पता क्यों नहीं देखा, लेकिन बात तब बिगड़ गई जब एजेंट उनके साथ बदतमीजी करने लगा।
अखिल के मुताबिक, वह नशे में लग रहा था और उसने उनकी मां से भी गलत बात की। अखिल ने माना कि उन्होंने इसलिए अधिक प्रतिक्रिया दी, क्योंकि एजेंट ने उनकी मां का अपमान किया, जिसके लिए अब उन्हें पछतावा है।
उन्होंने कहा, 'मुझे शांत रहना चाहिए था और पुलिस को बुलाना चाहिए था।' उन्होंने यह भी बताया कि चूंकि वे खुद पहले एक डिलीवरी कर्मचारी थे, इसलिए उनके लिए सम्मान बहुत मायने रखता है।