दिल्ली हाईकोर्ट ने बताया मशहूर गाना 'एन इनिया पोन निलावे' का असली मालिक कौन?
दिल्ली हाई कोर्ट ने अब यह साफ कर दिया है कि साल 1981 की मशहूर तमिल हिट गाने 'एन इनिया पोन निलावे' का असली मालिक कौन है।
इस फैसले के मुताबिक, संगीतकार इलैयाराजा को उनके संगीत की रचना का अधिकार मिला है, जबकि साउंड रिकॉर्डिंग का मालिकाना हक सारेगामा के पास रहेगा। वहीं, गाने के बोल का क्रेडिट गीतकार को ही दिया गया है।
यानी, अगर कोई इस गाने के मूल ऑडियो का इस्तेमाल करना चाहता है, तो उसे इलैयाराजा से नहीं, बल्कि सारेगामा से अनुमति लेनी होगी।
कोर्ट ने ये सुनाया फैसला
इस पूरे मामले की शुरुआत जनवरी में हुई थी, जब सारेगामा ने इलैयाराजा और अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दायर किया था। सारेगामा का दावा था कि फिल्म के निर्माता के साथ हुए पुराने समझौते के तहत फिल्म 'मूड़ू पानी' का पूरा साउंडट्रैक उनके अधिकार में है।
अदालत ने भी सारेगामा की दलील को स्वीकार करते हुए यह स्पष्ट किया कि संगीत रचना, गीत (लिरिक्स) और साउंड रिकॉर्डिंग, इन तीनों के अधिकार अलग-अलग मालिकों के पास होते हैं। इसलिए, सिर्फ सारेगामा ही मूल ट्रैक के इस्तेमाल का लाइसेंस दे सकता है।