'पेड्डी' के लिए राम चरण ने वसूली मोटी रकम, निर्देशक बुची बाबू सना को भी मिल रही भारी फीस
राम चरण की नई फिल्म 'पेड्डी' आजकल अपने बड़े बजट के चलते खूब चर्चा बटोर रही है। खबर है कि फिल्म का बजट 100 करोड़ रुपये और बढ़ गया है। इसकी सबसे बड़ी वजह कास्ट और क्रू को मिली मोटी फीस है। सिर्फ राम चरण की बात करें तो उनकी फीस 100 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है, वहीं 'उप्पेना' जैसी हिट फिल्म देने वाले डायरेक्टर बुची बाबू सना को भी 30 करोड़ रुपये से ज्यादा फीस मिल रही है।
भारी-भरकम बजट और दिग्गजों की फौज
फिल्म में जाह्नवी कपूर, शिवा राजकुमार, जगपति बाबू, दिव्येंदु शर्मा और बोमन ईरानी जैसे कई बड़े कलाकार हैं। इनके अलावा, दिग्गज संगीतकार एआर रहमान और अन्य तकनीशियनों को मिलाकर लगभग 35-40 करोड़ रुपये की फीस दी जा रही है। एआर रहमान के इस फिल्म से जुड़ने और डायरेक्टर सुकुमार के स्टाइल से प्रेरणा लेते हुए निर्माता शानदार प्रोडक्शन वैल्यू पर भी काफी पैसा खर्च कर रहे हैं, ताकि फिल्म बड़े पर्दे पर एक भव्य अनुभव दे सके।
'पेड्डी' की रिलीज डेट तय
फिल्म 'पेड्डी' की कहानी ग्रामीण पृष्ठभूमि पर बनी है, जिसमें क्रिकेट और कुश्ती खास जगह रखते हैं। यह फिल्म एक एक्शन से भरपूर कहानी का वादा करती है। 'पेड्डी' 4 जून 2026 को दुनिया भर में रिलीज होगी। इससे एक दिन पहले, यानी 3 जून को इसके एडवांस शोज भी रखे जाएंगे। यह फिल्म तेलुगू, हिंदी, तमिल, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में रिलीज होगी।