थलापति विजय पर पत्नी संगीता का आरोप, कोर्ट जाने पर दी घर से निकालने की धमकी?
क्या है खबर?
साउथ के सुपरस्टार थलापति विजय और उनकी पत्नी संगीता सोर्णलिंगम के बीच चल रहे तलाक के विवाद ने अब कानूनी मोड़ ले लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संगीता ने चेंगलपट्टू जिला अदालत का दरवाजा खटखटाया है, जहां उन्होंने अपने वैवाहिक घर में रहने के अधिकार को सुरक्षित करने के लिए अंतरिम आदेश की मांग की है। प्रशंसक हैरान हैं कि क्या विजय-संगीता का दशकों पुराना रिश्ता वाकई अब कोर्ट की दहलीज पर खत्म होने जा रहा है।
याचिका
विजय की पत्नी ने कोर्ट से लगाई ये गुहार
विजय और उनकी सह-कलाकार तृषा कृष्णन के साथ हाल ही में हुई उनकी मुलाकातों और चर्चाओं के बीच विजय की पत्नी संगीता की एक नई याचिका सामने आई है। संगीता ने अपनी याचिका में कोर्ट से एक अंतरिम आदेश की मांग की है, ताकि वोअपने वैवाहिक घर में रहने के अपने अधिकार को सुरक्षित कर सकें। उन्हें डर है कि कानूनी कार्यवाही के दौरान उन्हें घर से बेदखल किया जा सकता है।
मांग
आवास और गुजारा भत्ता की मांग
कोर्ट में दाखिल याचिका में संगीता ने बताया है कि वो ब्रिटेन की नागरिक हैं और भारत में उनका अपना कोई घर नहीं है। इसी आधार पर उन्होंने अपने वैवाहिक घर में रहने के अधिकार की मांग की है या फिर इसके विकल्प के तौर पर किसी अन्य आवास की व्यवस्था करने को कहा है। इसके साथ ही याचिका में संगीता ने विजय से उचित और सम्मानजनक स्थायी गुजारा भत्ता देने की भी मांग की है।
आरोप
संगीता ने विजय पर लगाया ये गंभीर आरोप
याचिका में आरोप लगाया गया है कि विजय ने संगीता को अदालत का दरवाजा खटखटाने पर अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी। याचिका के अनुसार, विजय ने साफ कर दिया था कि यदि उसने कानूनी रूप से अलग होने के लिए कोर्ट का रुख किया तो उसे वैवाहिक घर में रहने की अनुमति नहीं दी जाएगी। इसी कारण संगीता ने अदालत से अंतरिम राहत की मांग की है, ताकि कानूनी कार्यवाही के दौरान उन्हें बिना छत के न रहना पड़े।
दरार
पत्नी ने 26 साल बाद दायर की तलाक याचिका
संगीता ने शादी के 26 साल बाद विजय से तलाक की याचिका दायर की है। दोनों ने अगस्त 1999 में शादी की थी और उनके 2 बच्चे हैं। याचिका में संगीता ने आरोप लगाया है कि विजय का एक अभिनेत्री के साथ संबंध है, जिसके बारे में उन्हें 2021 में पता चला। संगीता का दावा है कि विजय ने रिश्ता खत्म करने का वादा किया था, लेकिन ये जारी रहा और विजय ने धीरे-धीरे उन्हें खुद से दूर कर लिया।