Page Loader
'RRR' का जबरदस्त टीजर हुआ रिलीज, अगले साल 7 जनवरी को आएगी फिल्म
जूनियर NTR, राम चरण, आलिया भट्ट और अजय देवगन

'RRR' का जबरदस्त टीजर हुआ रिलीज, अगले साल 7 जनवरी को आएगी फिल्म

Nov 01, 2021
01:58 pm

क्या है खबर?

एसएस राजामौली काफी समय से अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म 'RRR' को लेकर चर्चा में हैं। हाल में मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया था। यह फिल्म अगले साल 7 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में जूनियर NTR, राम चरण, आलिया भट्ट और अजय देवगन जैसे कलाकार अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे। अब फिल्म का टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर में सभी लीड कलाकारों की झलक दिखी है।

ट्विटर पोस्ट

तरण आदर्श ने शेयर किया टीजर

फिल्म समीक्षक तरण आदर्श ने अपने ट्विटर हैंडल पर 'RRR' का टीजर शेयर किया है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'राजामौली ने फिल्म 'RRR' की दुनिया को एक झलक दिखाई। इसके आश्चर्यजनक दृश्य आपको चौंका देंगे। फिल्म का निर्देशन महान कथाकार राजामौली द्वारा किया गया है।' टीजर का म्यूजिक बहुत खास है, जो दर्शकों का ध्यान खींचने में कामयाब रहा है। एक वार ड्रामा फिल्म की तरह इसमें एक्शन का भरपूर डोज है।

ट्विटर पोस्ट

यहां देखिए तरण आदर्श का ट्विटर पोस्ट

टीजर

राम चरण और NTR को सुपरहीरो की तरह प्रस्तुत किया गया

RRR मूवी ने भी अपने ट्विटर हैंडल पर टीजर का अनावरण किया है। RRR मूवी ने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, 'फिल्म 'RRR' का युग अभी शुरू हुआ है। बहुप्रतीक्षित फिल्म की झलक पेश कर रहा हूं। आइए हम सब मिलकर भारतीय सिनेमा के गौरव को वापस लाएं। 7 जनवरी 2022 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म।' टीजर में राम चरण और जूनियर NTR को सुपरहीरो के रूप में प्रस्तुत किया गया है।

ट्विटर पोस्ट

RRR मूवी ने किया टीजर का अनावरण

अपीयरेंस

दुश्मनों से लोहा लेते हुए दिखे अजय

टीजर में अजय को पहचान पाना मुश्किल लग रहा है। वहीं, इसमें आलिया की भी दमदार उपस्थिति है। टीजर से भले ही फिल्म की कहानी के बारे में पता नहीं चलेगा, लेकिन इसके लुक ने सभी को प्रभावित किया। चूंकि, यह फिल्म युद्ध की पृष्ठभूमि पर आधारित है, इसलिए इसके टीजर की शुरुआत भी युद्ध के दृश्य से ही होती है। अजय अपने हाथ में बंदूक थामे दुश्मनों से लोहा लेते हुए नजर आए हैं।

डिजिटल रिलीज

थिएट्रिकल रिलीज के बाद नेटफ्लिक्स पर आएगी फिल्म

साल की शुरुआत में निर्माताओं ने घोषणा की थी कि नेटफ्लिक्स और ZEE5 ने फिल्म के स्ट्रीमिंग राइट्स हासिल कर लिए हैं। थिएट्रिकल रिलीज के बाद फिल्म तेलुगु, तमिल, मलयालम और कन्नड़ में ZEE5 पर रिलीज होगी। वहीं, स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर फिल्म हिन्दी, पुर्तगाली, कोरियाई, तुर्की और स्पेनिश भाषाओं में प्रसारित होगी। फिल्म के एक पुराने पोस्टर में राम घोड़े पर सवार दिखे थे। वहीं, NTR को बाइक पर सवार देखा गया था।

कहानी

सच्ची कहानी पर आधारित होगी फिल्म

इस फिल्म में 1920 के दशक की कहानी को फिल्माया जाएगा। फिल्म में राम और NTR भाई की भूमिका में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म दो महान स्वतंत्रता सेनानियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम की कहानी पर आधारित है। इन्होंने अंग्रेजों और हैदराबाद के निजाम से भी आजादी की लड़ाई लड़ी थी। यह एक पैन इंडिया फिल्म होगी जिसे बड़े बजट में बनाया जा रहा है। फिल्म को करीब 450 करोड़ रुपये की लागत में तैयार किया जाएगा।

क्लैश

'गंगूबाई काठियावाड़ी' से होगा 'RRR' का क्लैश

'RRR' का क्लैश आलिया की फिल्म 'गंगूबाई काठियावाड़ी' से होने वाला है। 'गंगूबाई काठियावाड़ी' अगले साल 6 जनवरी को देशभर में सिनेमाघरों में रिलीज होगी। दिलचस्प है कि इस फिल्म में भी आलिया और अजय नजर आएंगे। इस फिल्म का निर्देशन संजय लीला भंसाली ने किया है। यह फिल्म हुसैन जैदी की लिखी गई किताब 'माफिया क्वीन ऑफ मुंबई' पर आधारित है। फिल्म गंगा हरजीवनदास नामक वेश्या पर आधारित है, जिन्हें गंगूबाई के नाम से भी जाना जाता है।