श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज से बाहर हुए जसप्रीत बुमराह, आकिब नबी टीम में शामिल हुए
क्या है खबर?
भारतीय क्रिकेट टीम को 15 अगस्त से श्रीलंका क्रिकेट टीम के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। श्रीलंका दौरे पर होने वाली इस सीरीज से जसप्रीत बुमराह बाहर हो गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को यह आधिकारिक ऐलान किया है। बुमराह की जगह पर जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को टीम में शामिल किया गया है। बता दें कि नबी ने अब तक अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं किया है। उन्हें पहली बार टीम में चुना गया है।
बयान
BCCI ने जारी किया अपडेट
BCCI ने बयान जारी करते हुए कहा, "बुमराह की इंग्लैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान बाएं घुटने में लगी चोट लगी थी, जिससे वे अभी तक पूरी तरह ठीक नहीं हो पाए हैं। बुमराह की जगह आकिब नबी को टीम में शामिल किया है। जम्मू-कश्मीर के इस तेज गेंदबाज को पहली बार सीनियर नेशनल टीम में चुना गया है। नबी ने पिछले 2 रणजी ट्रॉफी सीजन में कुल 104 विकेट लिए।
आंकड़े
रणजी ट्रॉफी 2025-26 में आकिब नबी ने लिए थे सर्वाधिक विकेट
नबी रणजी ट्रॉफी 2025-26 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज साबित हुए थे।
उन्होंने पिछले सीजन 10 मुकाबले खेले और इसकी 17 पारियों में 12.56 की उम्दा औसत के साथ 60 विकेट अपने नाम किए थे। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/24 का रहा था।
नबी के बाद दूसरे सबसे ज्यादा विकेट उत्तराखंड क्रिकेट टीम के मयंक मिश्रा (59) ने लिए थे। नबी के उम्दा प्रदर्शन के चलते जम्मू-कश्मीर ने ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी का खिताब जीता था।
करियर
शानदार चल रहा है नबी का प्रथम श्रेणी करियर
नबी ने 43 प्रथम श्रेणी मुकाबले खेले हैं और इसकी 71 पारियों में 18.63 की औसत से 162 विकेट लिए हैं। उन्होंने दोनों पारियों को मिलाकर 4 बार 10 विकेट भी अपने नाम किए हैं।
पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन 7/24 का रहा है। उन्होंने 16 पारियों में 5 विकेट हॉल भी लिए हैं।
लिस्ट-A क्रिकेट में नबी ने 36 पारियों में 27.37 की औसत से 56 विकेट लिए हैं। इस बीच उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 4/39 का रहा है।
टीम
श्रीलंका दौरे के लिए भारतीय टीम
श्रीलंका के खिलाफ भारत 15 अगस्त से पहला टेस्ट और 23 अगस्त से दूसरा टेस्ट खेलेगी। भारतीय टीम में साई सुदर्शन फिटनेस हासिल करने के बाद ही उपलब्ध हो सकेंगे।
श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम: शुभमन गिल (कप्तान), केएल राहुल (उप-कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), रविंद्र जडेजा, कुलदीप यादव, मानव सुथार, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, देवदत्त पडिक्कल, सारांश जैन, और आकिब नबी।