Page Loader
काजोल की पिछली 5 फिल्मों का कैसा रहा हाल? चौथे नंबर वाली ने किया कमाल
काजोल की पिछली 5 फिल्मों में कितनी रहीं सफल?

काजोल की पिछली 5 फिल्मों का कैसा रहा हाल? चौथे नंबर वाली ने किया कमाल

Jun 25, 2025
08:22 am

क्या है खबर?

काजोल पिछले काफी समय से हॉरर फिल्म 'मां' को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं। इसमें वह एक ऐसी मां की भूमिका में नजर आएंगी जो अपनी बेटी को बुरी आत्माओं से बचाने के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। जब से इस फिल्म की घोषणा हुई है, प्रशंसक इसके रिलीज होने का इंतजार कर रहे हैं। फिल्म 27 जून को सिनेमाघरों में आने वाली है। आइए इससे पहले जानें काजोल की पिछली 5 फिल्मों का हाल।

#1

'दो पत्ती'

साल 2024 में काजोल फिल्म 'दो पत्ती' लेकर आई थीं, लेकिन उनकी इस फिल्म को दर्शकों ने नकार दिया था। यह बतौर निर्माता कृति सैनन की पहली फिल्म थी, जो उन्हीं के प्रोडक्शन हाउस के बैनर तले बनी थी। हालांकि, काजोल के अभिनय को फिल्म में सराहा गया था। नेटफ्लिक्स पर यह फिल्म रिलीज हुई थी, जिसकी कहानी कनिका ढिल्लों ने लिखी थी। कृति ने इस फिल्म में अभिनय भी किया था।

#2

'सलाम वेंकी'

काजोल की साल 2022 में आई फिल्म 'सलाम वेंकी' की कहानी और इसमें उनके अभिनय ने समीक्षकों को बेहद प्रभावित किया था, लेकिन बॉक्स ऑफिस पर पहले ही दिन उनकी यह फिल्म ढेर हो गई थी। 30 करोड़ रुपये के बजट में बनी यह फिल्म महज 2.42 करोड़ रुपये कमा पाई थी। फिल्म में अभिनेता विशाल जेठवा ने काजोल के बेटे का किरदार निभाया था और खूब वाहवाही लूटी थी। रिश्तों की इस झलकी ने दर्शकों को खूब रुलाया था।

#3

'त्रिभंगा'

साल 2021 में काजोल 'त्रिभंगा' नाम की एक फिल्म लेकर आई थीं, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा था। यह फिल्म सीधे नेटफ्लिक्स पर रिलीज हुई थी। रेणुका शहाणे ने फिल्म के निर्देशन की कमान संभाली थी। न सिर्फ इसमें अभिनेत्री के अभिनय की तारीफ हुई थी, बल्कि निर्देशन के लिए रेणुका को भी खूब सराहा गया था। काजोल के साथ-साथ तन्वी आजमी और मिथिला पालकर ने भी शानदार काम किया था।

#4 और #5

'तान्हा जी' और 'हेलीकॉप्टर ईला'

ओम राउत के निर्देशन वाली 'तान्हा जी' साल 2020 में आई थी। इस फिल्म में काजोल के साथ उनके पति अजय देवगन मुख्य भूमिका में थे। सावित्री बाई की भूमिका में काजोल पर्दे पर छा गई थीं। 125 करोड़ रुपये की लागत से बनी इस फिल्म ने 367 करोड़ रुपये कमाए थे। उधर साल 2018 में आई काजोल की फिल्म 'हेलीकॉप्टर ईला' सुपर फ्लॉप रही थी। 20 करोड़ के बजट वाली ये फिल्म महज 8 करोड़ रुपये कमा पाई थी।