तमन्ना भाटिया की 'रागिनी MMS 3' अधर में लटकी, क्यों एकता कपूर को रोकनी पड़ी शूटिंग?
क्या है खबर?
तमन्ना भाटिया की 'रागिनी MMS 3' को लेकर एक ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसने प्रशंसकों के उत्साह पर पानी फेर दिया है। दरअसल, एकता कपूर के बालाजी टेलीफिल्म्स के बैनर तले बनने वाली ये फिल्म फिलहाल रोक दी गई है। फिल्म के निर्देशक साहिर रजा ने अचानक इससे बाहर होने का फैसला किया है, जिससे फिल्म की शूटिंग की योजनाएं अधर में लटक गई हैं।
रिपोर्ट
निर्देशक के हटते ही अटकी 'रागिनी MMS 3' की शूटिंग
वैराइटी इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, फिल्म निर्माता साहिर रजा, जो 'रागिनी MMS 3' का निर्देशन करने वाले थे, वो इस फिल्म से पीछे हट गए हैं, क्योंकि उनके अन्य प्रोजेक्ट्स के साथ समय का तालमेल नहीं बैठ पा रहा था। उनकी विदाई ने फिल्म के प्रोडक्शन की समयसीमा को लेकर अनिश्चितता पैदा कर दी है। निर्देशक के अचानक बाहर होने के कारण अब यह स्पष्ट नहीं है कि फिल्म की शूटिंग दोबारा कब शुरू हो पाएगी।
वजह
नेटफ्लिक्स की शर्त बनी रोड़ा
साहिर रजा वर्तमान में एक नेटफ्लिक्स सीरीज के 'शो-रनर' के रूप में काम कर रहे हैं। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के एक हालिया आदेश के अनुसार, शो-रनर का हर दिन सेट पर मौजूद रहना अनिवार्य है। नेटफ्लिक्स की इस शर्त की वजह से साहिर का समय पूरी तरह ब्लॉक हो गया, जिससे 'रागिनी MMS 3' के शेड्यूल के साथ सीधा टकराव पैदा हो गया। इस घटनाक्रम ने एकता की फिल्म को फिलहाल के लिए अधर में छोड़ दिया है।
तलाश
अब नए निर्देशक की तलाश में निर्माता
हालांकि, निर्माता सक्रिय रूप से अब एक नए निर्देशक की तलाश कर रहे हैं, लेकिन फिल्म के जल्द शुरू होने की संभावना नहीं दिख रही है, जो इस फ्रेंचाइजी के लिए एक बड़ी बाधा है। 'रागिनी MMS 3' की अनिश्चितता के बावजूद तमन्ना के लिए साल 2026 काफी व्यस्त रहने वाला है। 'ओ रोमियो' के बाद वो कई बड़ी फिल्मों में नजर आएंगी। इस फेहरिस्त में 'वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट', 'वी शांताराम' और 'रेंजर' जैसी फिल्में शामिल हैं।
फिल्म
'रागिनी MMS 3' कैसी होगी?
'रागिनी MMS 3' में अभिनेत्री नोरा फतेही को मुख्य भूमिका के लिए साइन किया गया था, लेकिन उन्होंने फिल्म छोड़ दी थी, जिसके बाद तमन्ना की इसमें एंट्री हुई थी। खबरों के मुताबिक, एकता इस तीसरी किस्त को अब तक की सबसे बड़ी और भव्य फिल्म बनाना चाहती हैं, जिस पर वो भारी बजट खर्च कर रही हैं। फिल्म में इस बार बोल्डनेस से कहीं ज्यादा हाॅरर कॉमेडी का तड़का लगेगा। ये डर और हंसी का जबरदस्त डोज देगी।