तमन्ना भाटिया की हिंदी फिल्मों का रिपोर्ट कार्ड, कैमियो वाली आखिरी 2 हिट; बाकी फ्लॉप
क्या है खबर?
तमन्ना भाटिया की नई हिंदी फिल्म 'द वन: फोर्स ऑफ द फॉरेस्ट' रिलीज हो चुकी है, जिसे दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है। तमन्ना ने हिंदी के साथ-साथ तेलुगू और तमिल सिनेमा में भी काम किया है। हालांकि, हिंदी फिल्मों में उनका बॉक्स ऑफिस सफर अलग-अलग नतीजों वाला रहा है। कुछ फिल्मों को बढ़िया प्रतिक्रिया मिली तो कुछ फिल्में बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाईं। एक नजर उनकी हिंदी फिल्मों के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर।
#1
'चांद सा रोशन चेहरा'
तमन्ना ने बतौर लीड एक्ट्रेस साल 2005 में फिल्म 'चांद सा रोशन चेहरा' से अपना बॉलीवुड में अपनी शुरुआत की थी। इस रोमांटिक ड्रामा में उन्होंने 'जिया ओबेरॉय' का किरदार निभाया था।
लगभग डेढ़ करोड़ रुपये के बजट में बनी ये फिल्म 4 मार्च, 2005 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। हालांकि, बॉक्स ऑफिस पर ये अपना जादू चलाने में नाकाम रही और महज 52 लाख की ही कमाई कर सकी, जिसके चलते ये फ्लॉप साबित हुई।
#2 और #3
'हिम्मतवाला' और 'हमशक्ल्स'
इसके बाद तमन्ना 'हिम्मतवाला' में अजय देवगन के साथ नजर आईं। साजिद खान के निर्देशन में बनी 68 करोड़ के बजट वाली यह फिल्म भारत में सिर्फ 47.45 करोड़ कमा सकी और फ्लॉप साबित हुई।
साल 2014 में तमन्ना फिर से साजिद खान की मल्टी-स्टारर कॉमेडी फिल्म 'हमशक्ल्स' में सैफ अली खान, रितेश देशमुख और राम कपूर के साथ दिखीं, लेकिन ये फिल्म भी दर्शकों को आकर्षित करने में नाकाम रही और बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी।
#4 और #5
'एंटरटेनमेंट', 'तुतक तुतक तुतिया' और 'खामोशी'
इसके बाद तमन्ना साल 2014 में रिलीज हुई फिल्म 'एंटरटेनमेंट' में अक्षय कुमार के साथ नजर आईं, जिसने बॉक्स ऑफिस पर औसत कारोबार किया।
फिर साल 2016 में प्रभुदेवा और सोनू सूद के साथ आई तमन्ना की हॉरर-कॉमेडी 'तुतक तुतक तुतिया' भी बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिटी, वहीं फिल्म 'खामोशी' में उन्होंने एक मूक-बधिर लड़की का किरदार निभाया। हालांकि, तमन्ना के अभिनय की तारीफ तो हुई, लेकिन कमजोर कमाई के कारण ये दोनों फिल्में बॉक्स ऑफिस पर असफल रहीं।
#6 और #7
'स्त्री 2' और 'रेड 2'
श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'स्त्री 2' के सुपरहिट गाने 'आज की रात' में तमन्ना भाटिया ने अपने कातिलाना डांस से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इस फिल्म ने दुनियाभर में 857.15 करोड़ की रिकॉर्डतोड़ कमाई की।
इसके बाद वो अजय देवगन अभिनीत थ्रिलर फिल्म 'रेड 2' में भी एक स्पेशल गाने में दिखीं। दुनियाभर में 237.46 करोड़ की शानदार कमाई कर इस फिल्म ने भी बॉक्स ऑफिस पर अपना मजबूत प्रदर्शन दर्ज कराया।