'गांधारी' से पहले तापसी पन्नू ने इन फिल्मों में अकेले संभाला मोर्चा, OTT पर हैं मौजूद
क्या है खबर?
तापसी पन्नू ने अपने फिल्मी करियर में हमेशा लीक से हटकर किरदारों को चुना है। OTT पर उनकी कई ऐसी फिल्में मौजूद हैं, जिनमें हीरो तो बस नाम मात्र का रहा। अभिनेत्री ने अकेले दम पर पूरी फिल्म का मोर्चा संभाला। उनकी आगामी फिल्म 'गांधारी' भी ऐसा वादा करती है, जिसमें अपनी लापता बेटी को ढूंढने के लिए वह अकेले ही पूरे अपराध जगत से भिड़ जाती है। आइए एक नजर तापसी की 'वन-वुमन आर्मी' वाली फिल्मों पर डालते हैं।
#1
'हसीन दिलरुबा फ्रेंचाइजी'
नेटफ्लिक्स पर मौजूद 'हसीन दिलरुबा' 2021 में रिलीज हुई थी, जबकि इसका सीक्वल 'फिर आई हसीन दिलरुबा'साल 2024 में रिलीज हुआ था।
इस फ्रेंचाइजी में तापसी ने 'रानी कश्यप' नाम की महिला का किरदार निभाया है, जो पुलिस और कानून के बिछाए जाल से अपने परिवार को बचाने के लिए अकेले ही पूरा माइंडगेम रचती है।
बेशक फिल्म में विक्रांत मैसी भी मौजूद रहे, लेकिन पूरी फिल्म में केवल तापसी और उनका शातिर माइंडगेम ही स्क्रीन पर छाया रहता है।
#2 & #3
'नाम शबाना' और 'रश्मि रॉकेट'
अक्षय कुमार की सुपरहिट फिल्म 'बेबी' के स्पिन-ऑफ 'नाम शबाना' का पूरा मोर्चा भी तापसी उठाती दिखती हैं।
इसकी कहानी उनके किरदार 'शबाना खान' के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपने प्रेमी की मौत का बदला लेने के लिए अंडरकवर एजेंट बनती है और दुश्मनों से बदला लेती है। फिल्म ZEE5 पर मौजूद है।
इसी प्लेटफॉर्म पर मौजूद फिल्म 'रश्मि रॉकेट' में अभिनेत्री ने एक तेज धावक का किरदार निभाया है, जो कानूनी व्यवस्था के खिलाफ अकेले आवाज उठाती है।
#4 & #5
'थप्पड़' और 'अस्सी'
अमेजन प्राइम वीडियो पर मौजूद फिल्म 'थप्पड़' सामाजिक विचारधाराओं और रूढीवादी नियमों पर आधारित है। तापसी ने इसमें एक घरेलू महिला का किरदार निभाया है, जो अपने आत्मसम्मान के लिए कानूनी जंग लड़ती और उसे जीतती है।
यह फिल्म उनके सोलो करियर की सबसे बड़ी क्रिटिकल हिट्स में से एक है।
वहीं, फरवरी, 2026 में आई फिल्म 'अस्सी' महिला अपराध और कोर्टरूम-ड्रामा पर आधारित है, जो ZEE5 पर है। इसमें भी तापसी महिला वकील बनकर अकेले पूरा मोर्चा संभालती हैं।