
सुरेश ओबेरॉय ने की बेटे विवेक ओबेरॉय की तारीफ, कहा- कोई नहीं निभा सकता उनके किरदार
क्या है खबर?
बॉलीवुड के वरिष्ठ अभिनेता सुरेश ओबेरॉय सिनेमा जगत में एक लंबा अरसा बिता चुके हैं। शुरुआती संघर्षों के बाद उन्होंने हिंदी सिनेमा में खुद को स्थापित किया और अपना अलग मुकाम बनाया।
सुरेश के बेटे विवेक ओबेरॉय भी फिल्म जगत में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं।
एक बातचीत में सुरेश ने विवेक के अभिनय करियर पर बात की। इस बातचीत में उन्होंने बेटे के काम पर गर्व जताया और कहा कि वह एक बेहतरीन अभिनेता हैं।
संघर्ष
बेटे के साथ दोबारा किया संघर्ष
पॉडकास्ट कोणार्क का शो में सुरेश ने अपने जीवन और करियर के कई अहम पड़ावों पर बात की। बातचीत के दौरान उन्होंने बेटे विवेक के काम की भी प्रशंसा की।
उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्हें विवेक के काम पर काफी ध्यान देना पड़ता था।
उन्होंने कहा, "पहले बहुत ध्यान देना पड़ता था। उसके संघर्षों में मेरा संघर्ष भी दोबारा हो गया। एक बार रामू (राम गोपाल वर्मा) ने 'कंपनी' दे दी, उसके बाद चीजें ठीक हो गईं।"
प्रशंसा
कोई नहीं निभा सकता विवेक की ये भूमिकाएं- सुरेश
सुरेश ने कहा कि विवेक उनसे बेहतर अभिनेता हैं। उनका ऐसा कोई किरदार नहीं है, जिसमें वह कहें कि इसमें कोई कमी रह गई।
बकौल सुरेश, विवेक ने हर फिल्म में अलग तरह का किरदार चुना और उसे बेहतरीन तरीके से निभाया।
सुरेश ने कहा, "कंपनी और 'शूटआउट एट लोखंडवाला', दोनों फिल्मों में गैंग्स्टर का किरदार उनके जैसा कोई नहीं निभा सकता था। शूटआउट में तो उन्होंने जबरदस्त काम किया है।"
करियर
'माया भाई' के किरदार से छा गए थे विवेक
विवेक ने 2002 की फिल्म 'कंपनी' से बॉलीवुड में डेब्यू किया था। इसके बाद 'साथिया', 'दम', 'डरना मना है', 'मस्ती' जैसी फिल्मों से अपनी पहचान बनाई।
उनकी फिल्म 'शूटआउट एट लोखंडवाला' 2007 में आई थी। इस फिल्म में गैंग्स्टर 'माया भाई' के किरदार से उन्होंने खूब वाहवाही लूटी।
विवेक इन दिनों रोहित शेट्टी की वेब सीरीज 'इंडियन पुलिस फोर्स' के लिए चर्चा में है। सिद्धार्थ मल्होत्रा की मुख्य भूमिका वाली यह सीरीज 19 जनवरी को अमेजन प्राइम वीडियो पर आएगी।
सुरेश की फिल्में
'एनिमल' में नजर आए सुरेश
सुरेश ने 1977 में फिल्म 'जीवन मुक्त' से बॉलीवुड में अपने सफर की शुरुआत की थी।
वह 'काला पत्थर', 'लावारिस', 'श्रद्धांजलि', 'नमक हलाल' समेत 195 फिल्मों में काम कर चुके हैं।
1987 में उन्होंने फिल्म 'मिर्च मसाला' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक कलाकार की श्रेणी में राष्ट्रीय पुरस्कार जीता था।
हाल ही में वह रणबीर कपूर की फिल्म 'एनिमल' में नजर आए हैं। इस फिल्म में उन्होंने रणबीर के किरदार (विजय) के दादाजी का किरदार निभाया है।