'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद में समय रैना को सुप्रीम कोर्ट से राहत, रद्द हुई सभी FIR
क्या है खबर?
'इंडियाज गॉट लेटेंट' विवाद में कॉमेडियन समय रैना समेत 5 प्रमुख कलाकारों को सुप्रीम कोर्ट से बहुत बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने दिव्यांगजनों पर की गई कथित असंवेदनशील टिप्पणियों के मामले में दर्ज सभी आपराधिक मामलों और शिकायतों को पूरी तरह रद्द कर दिया है। चीफ जस्टिस सूर्यकांत की पीठ ने इन युवा कलाकारों के हालिया सुधारात्मक प्रयासों और दिव्यांगों के कल्याण के लिए फंड जुटाने के कदमों की सराहना करते हुए मामला बंद करने का फैसला सुनाया।
मामला
सुप्रीम कोर्ट ने बंद किया मामला
सुप्रीम कोर्ट ने कॉमेडियन समय रैना और उनके साथियों को सामाजिक जिम्मेदारी की सीख देते हुए बड़ी राहत दी है।
कोर्ट ने 'इंडियाज गॉट लैटेंट' शो में दिव्यांगजनों और दुर्लभ बीमारी (SMA) से पीड़ित मरीजों पर की गई असंवेदनशील टिप्पणियों से जुड़ी सभी शिकायतें और FIR रद्द कर दी हैं।
ये याचिका 'क्योर SMA फाउंडेशन' ने ऑनलाइन कंटेंट पर रोक लगाने के लिए दायर की थी। कोर्ट ने अब ये मामला पूरी तरह बंद कर दिया है।
सराहना
दिव्यांगजनों के लिए फंड जुटाने पर सुप्रीम कोर्ट खुश
अदालत ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए शो आयोजित करने के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि जब सकारात्मक कोशिशें होती हैं तो परिणाम भी बेहतर आते हैं।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली पीठ ने सुनवाई के दौरान हास्य कलाकारों के हालिया प्रयासों की सराहना की। अदालत ने नोट किया कि इन कलाकारों ने दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए कार्यक्रमों का आयोजन करने और उनके लिए फंड जुटाने की दिशा में सकारात्मक प्रयास किए हैं।
सुनवाई
वे बहुत होनहार युवा हैं- कोर्ट
समय रैना के अलावा, 'इंडियाज गॉट लैटेंट' विवाद में कॉमेडियन विपुल गोयल, बलराज परमजीत सिंह घई, सोनाली ठक्कर और निशांत जगदीश तंवर के खिलाफ दर्ज मामले भी रद्द कर दिए गए हैं।
सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने इन कलाकारों की सराहना करते हुए कहा, "ये बहुत होनहार युवा हैं। अगर इन्होंने सकारात्मक दिशा में काम करना शुरू कर दिया है तो इसके नतीजे भी सकारात्मक ही आएंगे।"
विवाद
एक विवादित एपिसोड से शुरू हुआ था विवाद
NGO 'क्योर SMA इंडिया फाउंडेशन' ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर आरोप लगाया था कि समय ने 'स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी' के महंगे इलाज और एक दिव्यांग व्यक्ति का मजाक उड़ाया था।
याचिका में 'इंडियाज गॉट लेटेंट' के होस्ट समय रैना, विपुल गोयल, बलराज घई, सोनाली ठक्कर और निशांत तंवर के चुटकुलों पर आपत्ति जताई गई थी।
नवंबर में रिकॉर्ड इस विवादित एपिसोड के बाद इन कलाकारों पर अश्लील व असंवेदनशील टिप्पणियों को लेकर कई मामले दर्ज किए गए थे।