Loading...
'रामायण' के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- दूसरा नजरिया है तो अपनी फिल्म बनाएं
'रामायण' के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त

'रामायण' के खिलाफ याचिका पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, कहा- दूसरा नजरिया है तो अपनी फिल्म बनाएं

Nov 27, 2026
12:20 pm

क्या है खबर?

रणबीर कपूर अभिनीत फिल्म 'रामायण' की रिलीज को चुनौती देने वाली याचिका पर तुरंत सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को इनकार कर दिया। कोर्ट ने कहा कि फिल्म पहले ही सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और जिन्हें देखना था, वे देख चुके हैं, इसलिए इसमें कोई जल्दबाजी नहीं है। CJI ने स्पष्ट किया कि हर किसी का अपना नजरिया होना स्वाभाविक है और जिसे महाकाव्य पर अलग नजरिया रखना है, वो अपनी अलग फिल्म बना सकता है।

सख्ती

तथ्यों में तोड़-मरोड़ की दलील पर CJI कांत की दो टूक

याचिकाकर्ता के वकील ने कोर्ट में दलील दी, "मैं बस एक ही बात कह रहा हूं कि फिल्म में महाकाव्य काे तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। आगे नई पीढ़ी आ रही है, जिस पर इसका असर पड़ेगा।"

इस पर CJI सूर्यकांत ने कहा, "उन्होंने अपनी समझ के हिसाब से फिल्म बनाई है। आप अपनी मर्जी से फिल्म बनाइए। कोर्ट का समय बर्बाद मत कीजिए। यदि महाकाव्य को लेकर आपका कोई दूसरा नजरिया है तो आप उस नजरिए पर फिल्म बनाइए।"

दो-टूक

तारीफ या आलोचना स्वाभाविक, आप अपनी फिल्म बनाइए- कोर्ट

वकील ने जल्द सुनवाई का आग्रह किया। इस पर CJI ने कहा, "हम अभी केस की गहराई में नहीं जा रहे, बस ये देख रहे हैं कि इसे फौरन सुनने की कोई वजह है या नहीं।"

उन्होंने कहा, "इस मामले में कोई जल्दबाजी नहीं, क्योंकि फिल्म पहले ही रिलीज हो चुकी है। लोगों का अपना नजरिया हो सकता है और कोई तारीफ या आलोचना करे, ये स्वाभाविक है। आप अपने हिसाब से कोई भी अपनी फिल्म या डॉक्यूमेंट्री बनाइए।"

ADVERTISEMENT

फिल्म और स्टारकास्ट

5 नवंबर को रिलीज हुई थी 'रामायण'

'रामायण: राइज ऑफ ए लीजेंड' का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है और इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है।

ये फिल्म महाकाव्य को बड़े पर्दे पर लाती है, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आ रहे हैं। फिल्म में सनी देओल, रवि दुबे, लारा दत्ता, अरुण गोविल, काजल अग्रवाल, रकुल प्रीत सिंह और विवेक ओबेरॉय भी शामिल हैं।

ये फिल्म 5 नवंबर, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी।

ADVERTISEMENT