सनी देओल की 'लाहौर 1947' से इस कारण खुश नहीं निर्माता? हाे सकता है बड़ा बदलाव
क्या है खबर?
सनी देओल इस वक्त अपनी फिल्म 'बॉर्डर 2' की सफलता का जश्न मना रहे हैं। इस बीच, उनकी अगली फिल्म 'लाहौर 1947' से लोगों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं जिसका निर्माण आमिर खान प्रोडक्शन के तहत किया जा रहा है। फिल्म के निर्देशन की कमान राजकुमार संतोषी संभाल रहे हैं, जो सनी के साथ 'घायल' और 'दामिनी' जैसी लोकप्रिय फिल्में बना चुके हैं। हालिया जानकारी में पता चला है कि फिल्म में एक बड़ा बदलाव हो सकता है।
शीर्षक
'लाहौर 1947' के शीर्षक पर आई ये जानकारी
बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माता फिल्म के शीर्षक को बदलने का विचार कर रहे हैं। सूत्र ने बताया, "लाहौर 1947, मशहूर नाटक 'जिस लाहौर नई देख्या' पर आधारित है। चूंकि फिल्म की कहानी पाकिस्तान के शहर लाहौर में और आजादी के दौर में घटित होती है, इसलिए शुरुआत में 'लाहौर 1947' शीर्षक उपयुक्त समझा गया था। लेकिन अब फिल्म निर्माताओं को लगता है कि इससे बेहतर शीर्षक हो सकता है जो फिल्म की कहानी के लिए सही हो।"
उम्मीद
'लाहौर 1947' से उम्मीद बेशुमार, बैठक का होगा आयोजन
सूत्र ने आगे बताया कि सनी के सफल करियर को देखते हुए 'लाहौर 1947' से बॉक्स ऑफिस पर बंपर कमाई की उम्मीद है। उन्होंने कहा, "कुछ विकल्प सुझाए गए हैं, हितधारकों के साथ एक और बैठक होगी और यदि सभी सहमत होते हैं, तो फिल्म का नाम बदल दिया जाएगा।" बता दें कि फिल्म में सनी के अलावा, प्रीति जिंटा, अली फजल और शबाना आजमी भी मुख्य किरदार में हैं। यह 13 अगस्त, 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।