LOADING...
सनी देओल का 'बॉर्डर 2' के बाद बड़ा धमाका, एआर मुरुगदॉस की फिल्म में दिखाएंगे दम
सनी देओल ने एआर मुरुगदॉस से मिलाया हाथ

सनी देओल का 'बॉर्डर 2' के बाद बड़ा धमाका, एआर मुरुगदॉस की फिल्म में दिखाएंगे दम

Apr 17, 2026
08:39 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सनी देओल, 'गदर 2' और 'बॉर्डर 2' की चर्चाओं के बीच अब साउथ के मशहूर निर्देशक एआर मुरुगदॉस के साथ हाथ मिलाकर धमाका करने के लिए तैयार हैं। मुरुगदॉस, जिन्हें 'गजनी' और 'हॉलिडे' जैसी सुपरहिट फिल्मों के लिए जाना जाता है, अब सनी के साथ मिलकर एक बड़े बजट की एक्शन-थ्रिलर फिल्म लेकर आ रहे हैं। सनी ने फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। आइए जानें क्या कुछ जानकारी मिली है।

सहयोग

सनी और मुरुगदॉस पहली बार आए साथ 

सनी लगातार फिल्मों की रिलीज और घोषणाओं के कारण चर्चा में बने हुए हैं, लेकिन उनका ताजा कदम उनके द्वारा चुनी जा रही फिल्मों के चयन में एक बड़े बदलाव का संकेत देता है। 'बॉर्डर 2' की भारी सफलता के बाद सनी ने अब अपने अगले बड़े पर्दे के प्रोजेक्ट पर काम शुरू कर दिया है। ये एक एक्शन-थ्रिलर फिल्म है, जिसे फरहान अख्तर की 'एक्सेल एंटरटेनमेंट' प्रोड्यूस कर रही है और इसका निर्देशन दिग्गज एआर मुरुगदॉस कर रहे हैं।

अवतार

फिल्म में बेहद अलग अवतार में नजर आएंगे सनी  

बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के अनुसार, सनी ने आधिकारिक तौर पर इस फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। प्रोडक्शन से जुड़े एक सूत्र ने बताया, "लगातार कई ब्लॉकबस्टर मास एंटरटेनर्स ('गदर 2' और 'बॉर्डर 2') देने के बाद सनी अब रितेश सिधवानी, फरहान अख्तर और मुरुगदॉस के साथ अपने पहले सहयोग में एक बिल्कुल नए और अनोखे किरदार के साथ एक नई दुनिया में कदम रख रहे हैं। इसमें साउथ की मशहूर अभिनेत्री ज्योतिका एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखेंगी।

Advertisement

निर्देशन

मुरुगदॉस के शिष्य बालाजी गणेश करेंगे सनी को निर्देशित

फिल्म का निर्देशन बालाजी गणेश कर रहे हैं, जो इस प्रोजेक्ट के साथ फीचर फिल्म निर्देशन की दुनिया में अपना डेब्यू (पदार्पण) कर रहे हैं। फिल्म का नाम फिलहाल 'एंटोनी' रखा गया है। बालाजी गणेश लंबे समय तक मुरुगदॉस के सहायक निर्देशक रहे हैं। उन्होंने मुरुगदॉस संग कहानी के विकास और बड़े पैमाने के प्रोडक्शन पर काम किया है, लेकिन बतौर स्वतंत्र निर्देशक ये उनकी पहली फिल्म होगी। सनी जुलाई तक अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर लेंगे।

Advertisement

प्रोजेक्ट्स

'गबरू' में सलमान खान के साथ और 'इक्का' से OTT पर धमाका करेंगे सनी

सनी के हाथ में फिलहाल कई फिल्में हैं। उन्हें 8 मई को 'गबरू' में देखा जाएगा। खबर है कि इसमें सलमान खान का कैमियो भी देखने को मिल सकता है। उधर सनी 'इक्का' के जरिए अपना OTT डेब्यू करने जा रहे हैं, जिसमें उनके साथ अक्षय खन्ना भी अहम भूमिका में नजर आएंगे। इसके अलावा 'सूर्या' उनके खाते में है, जो मलयालम थ्रिलर 'जोसेफ' की आधिकारिक हिंदी रीमेक है, वहीं सनी की 'लाहौर 1947' और 'रामायण' भी कतार में है।

Advertisement