'रामायण' में हनुमान बने सनी देओल ने खोले राज, अपने किरदार को बताया चंचल और मासूम
सनी देओल आने वाली फिल्म 'रामायण' में भगवान हनुमान की भूमिका निभा रहे हैं। हाल ही में दिल्ली में हुए एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने माना कि पर्दे पर इतने बड़े और लोकप्रिय पौराणिक चरित्र को जीना कोई आसान काम नहीं है। सनी देओल ने इस किरदार को निभाने के अनुभव को भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से बेहद गहरा बताया। इसके साथ ही उन्होंने ये भी साफ किया कि फिल्म में उनके हिस्से का काम अभी बहुत कम हुआ है और इस पर आगे शूटिंग होना बाकी है।
सनी ने अपनी भूमिका पर क्या कहा?
सनी हनुमान को सिर्फ शक्तिशाली ही नहीं, बल्कि उससे भी कहीं बढ़कर मानते हैं। वो उन्हें चंचल, मासूम, ताकतवर और भगवान राम के प्रति पूरी तरह समर्पित बताते हैं। इस अवसर को पाकर वो खुद को भाग्यशाली मानते हैं और किरदार में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का वादा करते हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम और साईं पल्लवी माता सीता की भूमिका में नजर आएंगी।