Loading...
सनी देओल की पान मसाला के विज्ञापनों पर दोटूक- न करता हूं और ना कभी करूंगा
सनी देओल क्यों ठुकराते हैं पान मसाला के विज्ञापन?

सनी देओल की पान मसाला के विज्ञापनों पर दोटूक- न करता हूं और ना कभी करूंगा

Aug 16, 2026
05:12 pm

क्या है खबर?

अभिनेता सनी देओल ने साफ कर दिया है कि वो पान मसाला के विज्ञापनों से दूरी बनाकर रखते हैं। एक हालिया पॉडकास्ट में ब्रांड एंडोर्समेंट पर बात करते हुए सनी ने बताया कि उन्हें इस तरह के कई बड़े प्रस्ताव मिले, लेकिन उन्होंने हर बार मना कर दिया। उन्होंने कहा कि ऐसे उत्पादों का प्रचार करना उनके व्यक्तिगत सिद्धांतों के खिलाफ है। सनी के लिए करोड़ों के ये लुभावने प्रस्ताव उनके नैतिक मूल्यों के आगे कोई मायने नहीं रखते।

बड़ा बयान

"जिस चीज पर यकीन नहीं, वो क्यों करूं?"

शुभांकर मिश्रा के पॉडकास्ट में पान मसाला के विज्ञापनों से दूर रहने के बारे में पूछे जाने पर सनी ने साफ कर दिया कि भविष्य में भी उनका रुख बदलने की कोई गुंजाइश नहीं है।

उन्होंने कहा, "मैं पान मसाला के विज्ञापन नहीं करता और कभी करूंगा भी नहीं। मैं ऐसा कुछ नहीं करूंगा। प्रस्ताव आते हैं, लेकिन मैं नहीं करूंगा। मैं ऐसा काम नहीं करना चाहता, जिस पर मुझे खुद यकीन न हो।"

स्पष्टीकरण

"मेरा जमीर नहीं मानता"

सनी बोले, "मैं इन सब चीजों को नहीं मानता। मुझे नहीं लगता कि ये प्रचार करने के लिए कोई अच्छी चीज है।"

सनी के मुताबिक, इसी सिद्धांत ने उनके कई पेशेवर फैसलों को प्रभावित किया है।

उन्होंने बताया कि ऐसी कई चीजें रहीं, जिन्हें करने से उन्होंने सिर्फ इसलिए मना कर दिया, क्योंकि उनके जमीर ने इसकी इजाजत नहीं दी। वो बोले, "कितनी चीजें नहीं करता, क्योंकि मेरा जमीर नहीं मानता और जो करनी होती है, वो कर लेता हू।"

ADVERTISEMENT

प्रस्ताव

"मैं भारत और उसके मूल्यों को दर्शाता हूं, फिर भी विज्ञापन नहीं मिलते"

विज्ञापनों में अपनी कम मौजूदगी पर भी सनी ने खुलकर अपनी राय रखी। जहां उनके दौर के कई बड़े अभिनेता लगातार बड़े ब्रांड्स के विज्ञापनों में दिखाई देते हैं, वहीं सनी ने माना कि उन्हें खुद समझ नहीं आता कि विज्ञापनदाता उनके पास क्यों नहीं आते।

सनी बोले, "अगर मैं भारत और यहां के मूल्यों का प्रतिनिधित्व करता हूं तो भी न जाने क्यों मुझे विज्ञापन नहीं मिलते। वे मेरे पास क्यों नहीं आते? मुझे इसका कोई अंदाजा नहीं है।"

ADVERTISEMENT

मक

"पहले फिल्में नहीं आ रही थीं, अब विज्ञापन नहीं मिलते"

सनी ने इस स्थिति की तुलना उस दौर से की, जब उन्हें फिल्में नहीं मिल रही थीं। वो बोले, "जैसे पहले फिल्में नहीं आ रही थीं, वैसे ही विज्ञापन मिलने की वजह भी मुझे नहीं पता।"

उनकी ये टिप्पणी ऐसे समय आई है, जब पान मसाला ब्रांडों के विज्ञापनों पर बहस गर्म है। हाल ही में महाराष्ट्र FDA ने विमल इलायची के विज्ञापन में दिखने पर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

ADVERTISEMENT