Loading...
विमल विज्ञापन मामला: शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की बढ़ी मुश्किलें, FDA ने भेजा नोटिस
पान मसाला विज्ञापन विवाद: शाहरुख, अजय और टाइगर को FDA नोटिस

विमल विज्ञापन मामला: शाहरुख, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ की बढ़ी मुश्किलें, FDA ने भेजा नोटिस

Aug 16, 2026
10:17 am

क्या है खबर?

महाराष्ट्र खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। तीनों अभिनेताओं पर एक विज्ञापन के जरिए राज्य में प्रतिबंधित उत्पाद 'पान मसाला' का अप्रत्यक्ष प्रचार करने का आरोप है। साल 2024 में ये तीनों कलाकार विमल कंपनी के इलायची ब्रांड के विज्ञापन में एक साथ नजर आए थे। FDA ने उनसे इस मामले पर स्पष्टीकरण मांगा है।

निर्देश

शाहरुख, अजय और टाइगर को प्रचार सामग्री तुरंत हटाने का निर्देश

महाराष्ट्र के खाद्य सुरक्षा प्रमुख तुकाराम मुंढे द्वारा 11 अगस्त को जारी कारण बताओ नोटिस में तीनों अभिनेताओं को विज्ञापन अभियान से तुरंत हटने और अपने सोशल मीडिया से प्रचार सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

NDTV को मिले 9 पन्नों के नोटिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया ये विज्ञापन 'विमल' ब्रांड का प्रचार करता है, जो मुख्य रूप से पान मसाला से जुड़ा है। राज्य में इसके निर्माण, भंडारण, बिक्री और वितरण पर पूरी तरह प्रतिबंध है।

आरोप

ब्रांड के नाम से भ्रम पैदा करने का आरोप

महाराष्ट्र के खाद्य सुरक्षा प्रमुख तुकाराम मुंढे ने कहा कि विज्ञापन में 'विमल इलायची' का प्रयोग प्रतिबंधित 'विमल पान मसाला' से सीधा जुड़ाव पैदा करता है।

नोटिस के अनुसार, ये विज्ञापन उपभोक्ताओं को भ्रमित कर प्रतिबंधित उत्पाद को अप्रत्यक्ष रूप से बढ़ावा दे सकता है। इसमें जनस्वास्थ्य और सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए राज्य में पान मसाला के निर्माण, भंडारण, बिक्री व वितरण पर लागू पूर्ण प्रतिबंध का उल्लेख किया गया है।

ADVERTISEMENT