सुनीता आहूजा को नापसंद गोविंदा जैसा पति, बोलीं- 60 का हो गया; अपने लिए नहीं जिया
क्या है खबर?
सुनीता आहूजा अक्सर अपने बड़बोलेपन को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। एक तरफ जहां गोविंदा अपनी निजी जिंदगी पर चुप्पी साधे रखते हैं, वहीं सुनीता बयान देने से पीछे नहीं हटतीं। अपने हालिया इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि वो अगले जन्म में गोविंदा जैसा बेटा तो चाहती हैं, लेकिन पति नहीं। सुनीता ने इसके पीछे की वजह बताते हुए कहा कि गोविंदा ने अपनी पूरी जिंदगी दूसरों के लिए कुर्बान कर दी और वो कभी अपने लिए जिए ही नहीं।
दो टूक
"उसने आज तक अपनी सफलता का मेवा भी नहीं खाया"
एक यूट्यूब चैनल पर दिए इंटरव्यू में सुनीता बोलीं, "वो एक बहुत अच्छा बेटा है, बहुत अच्छा भाई है, लेकिन एक पति के तौर पर जो मुझे चाहिए... जैसे मुझे पार्टी करने का शौक है, बाहर डिनर पर जाना या हॉलिडे पर जाना पसंद है, लेकिन उसकी जिंदगी सिर्फ अपने परिवार की सेवा में बीत गई। उस आदमी ने सफलता का मेवा कभी खुद नहीं खाया। वो 60 का हो गया है, लेकिन आज तक अपने लिए जिया ही नहीं।"
तंज
"40 साल बीत गए, अब छोड़ना तो गुनाह है"
सुनीता ने कहा कि इतने बड़े सुपरस्टार होने के बावजूद गोविंदा ने दुनिया देखी ही नहीं। वो आगे बोलीं, "आप इतने बड़े सुपरस्टार हो, लेकिन आपने जिंदगी में देखा क्या? कुछ नहीं। मैं हमेशा कहती हूं कि मुझे बेटा गोविंदा जैसा चाहिए, पति नहीं। खैर, अब पछताने का भी क्या फायदा? अब तो छोड़ भी नहीं सकते। 40 साल बीत चुके हैं, अब ऐसा सोचना भी पाप है।" सुनीता का ये इंटरव्यू सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
रिश्ता
रिश्तेदारी से शुरू हुई थी गोविंदा-सुनीता की लव स्टोरी
बॉलीवुड के 'चीची' यानी गोविंदा और सुनीता का साथ दशकों पुराना है। इनकी प्रेम कहानी तब शुरू हुई थी, जब गोविंदा फिल्म इंडस्ट्री में अपनी पहचान बनाने के लिए संघर्ष कर रहे थे। दोनों की मुलाकात पारिवारिक रिश्तों के जरिए हुई और प्यार परवान चढ़ा। साल 1987 में जब गोविंदा का करियर शुरुआती दौर में था, तब उन्होंने अपने स्टारडम को प्रभावित होने से बचाने के लिए बेहद सादगी और गुपचुप तरीके से सुनीता के साथ सात फेरे लिए थे।
शादी
सालों तक राज रही गोविंदा-सुनीता की शादी
गोविंदा ने अपनी शादी को सालों तक एक राज की तरह छुपा कर रखा था। उन्होंने अपनी पत्नी सुनीता के साथ शादी का खुलासा तब किया, जब उनकी बेटी टीना का जन्म हो गया। आज उनके दो बच्चे हैं बेटी टीना आहूजा, जो फिल्मों में नजर आ चुकी हैं, और बेटा यशवर्धन आहूजा, जो जल्द ही बॉलीवुड में बड़ा डेब्यू करने की तैयारी कर रहे हैं। यशवर्धन निर्देशक साजिद खान की फिल्म 'हंड्रेड' से अभिनय जगत में कदम रखेंगे।