Page Loader
'रामायण' में रणबीर कपूर को स्वीकार कर पाएंगे दर्शक? सुनील लहरी ने उठाया ये सवाल  
दर्शकों के सामने क्यों रणबीर को सुधारनी पड़ेगी छवि?

'रामायण' में रणबीर कपूर को स्वीकार कर पाएंगे दर्शक? सुनील लहरी ने उठाया ये सवाल  

लेखन पलक
Jun 18, 2024
02:51 pm

क्या है खबर?

नितेश तिवारी की 'रामायण' ऐलान के बाद से ही सुर्खियों में बनी हुई है। इसे लेकर आए दिन जानकारी सामने आती रहती है। रणबीर कपूर के फिल्म में होने से जहां कुछ लोग खुश हैं, वहीं बहुत से ऐसे हैं जो उनकी लगातार आलोचना कर रहे हैं। इन सबके बीच दूरदर्शन पर प्रसारित होने वाले धारावाहिक 'रामायण' में लक्ष्मण का किरदार निभाने वाले सुनील लहरी ने रणबीर के लुक और फिल्म में उनके होने पर अपने विचार रखे हैं।

स्वीकार

श्रीराम के रूप में रणबीर को स्वीकार कर पाएंगे दर्शक? 

सुनील उर्फ ​​लक्ष्मण ने 'रामायण' के बारे में अपने विचार साझा करते हुए कहा कि भगवान राम के रूप में रणबीर को दर्शकों का स्वीकार करना मुश्किल है। उन्होंने अभिनेता के लुक पर बात करते हुए कहा, "तस्वीर में मुझे उनका लुक पसंद आया। यह बहुत अच्छा है और क्योंकि वह बहुत स्मार्ट हैं, इसलिए वह उस भूमिका में बिल्कुल सही दिखेंगे, लेकिन, मुझे नहीं पता कि लोग उन्हें भगवान श्रीराम के रूप में स्वीकार कर पाएंगे या नहीं।"

राय

रणबीर के फिल्म में होने पर क्या है सुनील की राय? 

सुनील के अनुसार उन्हें लगता है कि निर्माताओं को किसी ऐसे व्यक्ति को लेना चाहिए, जिसकी दर्शकों के दिमाग में कोई छवि ना बनी हुई हो। वह फिल्म के लिए बेहतर रहता। सुनील ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं है कि रणबीर एक बेहतरीन अभिनेता हैं और उनके पास परिवार की विरासत है, लेकिन उनके अनुसार लोगों की धारणा को बदला नहीं जा सकता। अभिनेता ने रणबीर की पिछली फिल्म 'एनिमल' का भी जिक्र किया।

विपरीत

रणबीर को सुधारनी होगी छवि- सुनील 

सुनील बोले, "मुझे यकीन है कि वह अपनी भूमिका से न्याय करेंगे, लेकिन उन्हें अपने पिछले प्रदर्शनों को खत्म करना होगा और भगवान राम की छवि के अनुसार सामने आना होगा। खासकर, हाल ही में 'एनिमल' जैसी फिल्म करने के बाद लोगों के लिए उन्हें भगवान राम जैसी एक बिल्कुल उलट भूमिका में देखना बहुत मुश्किल होगा।" अभिनेता का कहना साफ है कि रणबीर का 'रामायण' में होना दर्शकों के दिलों-दिमाग में फिल्म को लेकर झुकाव खत्म कर सकता है।

लुक

साई पल्लवी के लुक से नाखुश हैं 'लक्ष्मण'

फिल्म में अभिनेत्री साई पल्लवी माता सीता का किरदार निभाती नजर आएंगी और सुनील ने उनके लुक पर भी अपने विचार रखे। वह बोले, "मुझे नहीं पता कि वह एक अभिनेत्री के रूप में कैसी हैं। मैंने कभी उनका कोई काम नहीं देखा है, लेकिन लुक के मामले में, मैं ईमानदारी से बहुत ज्यादा खुश नहीं हूं। मेरे दिमाग में, माता सीता का चेहरा बहुत सुंदर दिखता है और मुझे नहीं लगता कि साई के चेहरे में वह पूर्णता है।"

जानकारी

अरुण गोविल से नाराज हैं सुनील?

टीवी की 'रामायण' में श्री राम बने अरुण गोविल अब फिल्म में दशरथ का किरदार निभाएंगे और यह सुनकर सुनील बहुत खुश नहीं हैं। उनके अनुसार, अरुण अपने व्यक्तित्व को खत्म कर रहे हैं। अगर उन्हें ऐसा ऑफर दिया जाता तो वह कभी हां करते।

स्टार कास्ट

कौन-कौन कलाकार आएंगे नजर?

'रामायण' में रणबीर और साई के अलावा, विभीषण की भूमिका के लिए विजय सेतुपति से संपर्क किया गया है। रावण की भूमिका में यश नजर आएंगे। कैकई के किरदार के लिए लारा दत्ता को चुना गया है। रिपोर्ट्स की मानें तो सनी देओल भगवान हनुमान बने नजर आ सकते हैं। इसके अलावा रकुल प्रीत सिंह भी फिल्म से जुड़ गई हैं। अभिनेत्री रावण की बहन शूर्पणखा की भूमिका निभाती दिखाई देंगी।