सुदेश बेरी का बहू के आरोपों पर पलटवार- जो किस्मत में नहीं, वो कैसे दिला दूं?
क्या है खबर?
अभिनेता सुदेश बेरी ने अपनी अलग रह रही बहू शांभवी शर्मा के उन आरोपों पर प्रतिक्रिया दी है, जिनमें उन्होंने करियर में मदद न मिलने की बात कही थी। शांभवी ने एक पॉडकास्ट में दावा किया था कि शादी के बाद उन्हें एक्टिंग करियर में ससुरालवालों से सहयोग नहीं मिला। इस पर सुदेश बेरी ने कहा कि वे शांभवी को बेटी मानते हैं, लेकिन किसी को वो नहीं दिला सकते जो उसकी किस्मत में नहीं है।
पलटवार
सुदेश बेरी बोले- मैं खुद भी भाग्य से ज्यादा नहीं भागा
स्क्रीन से बातचीत में सुदेश बेरी ने कहा, "मैं इंडस्ट्री में मिले हर नए कलाकार को हमेशा प्रोत्साहित करता आया हूं, चाहे उनसे मेरा कोई रिश्ता हो या न हो। शांभवी सिर्फ मेरी बहू नहीं, बल्कि मेरी बेटी है, लेकिन मैं उन्हें वो हासिल कराने में मदद नहीं कर सकता, जो उनकी किस्मत में ही नहीं है।"
अभिनेता बोले कि वो खुद भी कभी ऐसी किसी चीज के पीछे नहीं भागा, जो पहले से उनकी किस्मत में न रही हो।
दो टूक
"भाग्य में न हो तो कोई मदद नहीं कर सकता"
सुदेश बोले, "मैं खुद भी कभी स्टारडम के पीछे नहीं भागा तो फिर मैं उन्हें या अपने बेटे को यह कैसे दिला सकता हूं? मेरा हमेशा से एक बड़ी शक्ति पर विश्वास रहा है। अगर स्टारडम आपकी किस्मत में है तो उसे पाने से आपको कोई नहीं रोक सकता। इसी तरह, अगर वह आपके भाग्य में नहीं है तो कोई भी इसे हासिल करने में आपकी मदद नहीं कर सकता।"
जवाब
अभिनेता बोले- 'शांभवी खुद देवी का रूप, उसे मेरी मदद की क्या जरूरत?
सुदेश ने आगे कहा, "शांभवी, जैसा कि उसके नाम से ही जाहिर है, खुद देवी का एक रूप है तो फिर उसे अपने करियर में आगे बढ़ने के लिए मेरी मदद की क्या जरूरत है? वो जो कुछ भी कह रही है, वो उसकी मौजूदा मानसिक स्थिति को दर्शाता है। मेरी स्थिति बिल्कुल अलग है। मैं 60 की उम्र पार करने के बाद खुद को सबसे खुश और सबसे स्वस्थ पाकर बस आभारी हूं। मेरी किस्मत में यही लिखा था।"
किस्मत का हाथ
शाहरुख, सलमान और अमिताभ भी किस्मत से बने सुपरस्टार- सुदेश बेरी
सुदेश ने बातचीत में आगे कहा, "चाहे आप शाहरुख खान हों, सलमान खान हों, दिलीप कुमार हों या अमिताभ बच्चन, आपका सुपरस्टार बनना आपकी किस्मत में था। उन्होंने भी हमेशा यही कहा है। मनोज कुमार, माइकल जैक्सन और चार्ली चैपलिन जैसे कई सितारे बड़ी साधारण पृष्ठभूमि से आकर भी किस्मत के दम पर बड़े स्टार बने, इसलिए शांभवी और सूरज (सुदेश के बेटे) को भी वही मिलेगा, जो उनके भाग्य में लिखा है, चाहे उनकी मदद हो या न हो।"
आरोप
ससुर सुदेश बेरी पर शांभवी के आरोप
एक पॉडकास्ट में शांभवी शर्मा ने बताया था कि बॉलीवुड परिवार में शादी के बाद उन्हें उम्मीद थी कि मीडिया से उनका जुड़ाव बना रहेगा और ससुर सुदेश बेरी उन्हें प्रमोट करने के साथ अपने संपर्कों का फायदा देंगे। हालांकि, ऐसा कुछ नहीं हुआ।
शांभवी के मुताबिक, उन्हें कोई मदद नहीं मिली। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि सुदेश बेटे सूरज के फिल्मी फैसले लेने लगे थे, जिससे उन्हें काम गंवाना पड़ा और वो अपने सपनों से दूर हो गईं।